‘जय गुजरात' का जवाब 'जय कर्नाटक', CM फडणवीस ने राउत को दिलाई शरद पवार की याद

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा लगाए ‘जय गुजरात' के नारे का बचाव किया। शिंदे ने नारे पर संजय राउत ने निशाना साधा था।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे के ‘जय गुजरात' नारे का बचाव किया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद सीएम देवेंद्र फडणवीस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के 'जय गुजरात' वाले नारे पर सियासी बवाल मचने के बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस उनके बचाव में उतर गए हैं। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने डिप्टी सीएम शिंदे पर निशाना साधा तो सीएम फडणवीस ने करारा जवाब दिया।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा लगाए ‘जय गुजरात' के नारे का शुक्रवार को बचाव किया। शिंदे ने कार्यक्रम में ‘‘जय हिंद, जय महाराष्ट्र, जय गुजरात'' का नारा लगाया था।'' इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। शाह ने गुजराती भाषा में लोगों को संबोधित किया था।

क्या बोले डिप्टी सीएम?

डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन पूरे गुजरात समाज के लिए महत्वपूर्ण है। मैं यहां देख रहा था। यहां किसी चीज की कमी नहीं है। आप सभी लक्ष्मी के पुत्र हैं। धन की कोई कमी नहीं है। इसलिए, आपका सपना पूरा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी जिन कार्यों का शिलान्यास करते हैं, वे तेजी से पूरे होते हैं, ऐसा एकनाथ शिंदे ने कहा। हमारे लिए मोदीजी और अमित भाई अलग नहीं हैं। मोदी की छाया अमित शाह हैं। अमित शाह के स्पर्श के बाद वह काम सोना बन जाता है। एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुझे याद है आनंद दिघे ने क्या कहा था। कोई भी शहर हो, कोई भी बड़ा हाउसिंग कॉम्प्लेक्स हो या कोई भी नया शहर हो, लेकिन जब तक वहां कोई मार्केट नहीं बनता, तब तक उस शहर की खूबसूरती नहीं बढ़ती। और आप ही वो व्यापारी हैं जो इस मार्केट को बना रहे हैं। इसलिए, आपके बिना किसी भी शहर की खूबसूरती नहीं बढ़ती।

भाषण के अंत में दिया नारा

भाषण के अंत में एकनाथ शिंदे ने 'जय महाराष्ट्र, जय हिंद और जय गुजरात' का नारा दिया। इस पर अब विवाद खड़ा हो गया है। राज्य में जहां हिंदी बनाम मराठी की बहस चल रही है, वहीं एकनाथ शिंदे के 'जय गुजरात' नारे ने विवाद खड़ा कर दिया है।

सीएम फडणवीस ने किया शिंदे का बचाव

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सिर्फ इसलिए कि शिंदे ने जय गुजरात कहा, इसका अभिप्राय यह नहीं है कि वह महाराष्ट्र से ज्यादा गुजरात से प्यार करते हैं। ऐसी संकीर्ण सोच मराठी मानुष को शोभा नहीं देती।

शरद पवार के बयान की दिलाई याद

सीएम ने फडणवीस ने याद दिलाया कि जब कर्नाटक के चिकोडी में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया गया था, तब पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने ‘जय महाराष्ट्र, जय कर्नाटक' का नारा लगाया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या इसका अभिप्राय यह है कि शरद पवार कर्नाटक से ज्यादा प्यार करते हैं और महाराष्ट्र से कम?

मुख्यमंत्री ने आगे बोलते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे ने जय गुजरात इसलिए कहा क्योंकि वे गुजराती समुदाय के एक कार्यक्रम में गए थे। इसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें गुजरात से ज़्यादा और महाराष्ट्र से कम प्यार है। ऐसी संकीर्ण सोच मराठी व्यक्ति को शोभा नहीं देती। मराठी व्यक्ति सर्वव्यापी होता है। इस मराठी व्यक्ति ने सीमाओं के पार झंडा गाड़ दिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com