

Sambhajinagar Hill Jump Iphone EMI Controversy: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
एक आईफोन की EMI चुकाने को लेकर हुए घरेलू विवाद ने हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। कोहड्या डोंगर पहाड़ी की 250 फीट गहरी खाई में गिरने के कारण माता-पिता और उनके 18 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
इस दर्दनाक हादसे के बाद सोशल मीडिया पर मृतक युवक की मां संगीता चांदगुडे के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। संगीता एक लोकप्रिय यूट्यूबर थीं, जिनके चैनल पर 29,000 से अधिक सब्सक्राइबर्स थे। अपनी मौत से ठीक एक दिन पहले उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर रिश्तों की कद्र और उनकी अहमियत को लेकर एक बेहद भावुक वीडियो साझा किया था।
अपने चैनल पर साझा किए गए एक मिनट के मराठी वीडियो में संगीता ने कहा था, "अपनी किस्मत उस इंसान को देने के लिए तैयार रहो जो आपकी और आपके प्यार की कद्र करता हो। अगर कोई व्यक्ति आपकी, आपके प्यार की या आप उनके लिए जो करते हैं उसकी कद्र नहीं करता है, तो ऐसे इंसान के लिए कुछ भी करने का कोई मतलब नहीं है।
उन्होंने रिश्तों की तुलना रोटी से करते हुए बहुत ही मार्मिक बात कही थी, रोटी तभी अच्छी लगती है जब वह दोनों तरफ से पके। ठीक ऐसा ही रिश्तों के साथ भी है। अगर रिश्ता दोनों तरफ से निभाया जा रहा है और दोनों एक-दूसरे का सम्मान कर रहे हैं, तभी उसमें रहने का फायदा है। अगर सिर्फ एक ही व्यक्ति प्रयास कर रहा है, तो ऐसे रिश्ते से बाहर निकल जाना ही बेहतर है।
संगीता की निजी जिंदगी पहले से ही काफी संघर्षों से भरी रही थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि करीब छह साल पहले उनके बड़े बेटे की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इस गहरे सदमे के बाद से ही वह अपने पति मुरलीधर से अलग रह रही थीं।
पुलिस जांच के अनुसार, इस खौफनाक हादसे की शुरुआत शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुई। संगीता के 18 वर्षीय छोटे बेटे कुणाल ने हाल ही में एक नया आईफोन खरीदा था। वह लगातार अपने माता-पिता पर उसकी EMI देने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर घर में तीखी बहस हुई, जिसके बाद कुणाल गुस्से में घर से निकलकर पास ही स्थित पहाड़ी पर चढ़ गया।
बेटे की जान खतरे में देख, अलग रह रहे पिता मुरलीधर और मां संगीता स्थानीय ग्रामीणों के साथ उसे समझाने के लिए पहाड़ी पर पहुंचे। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद, मुरलीधर पहाड़ी के किनारे पर खड़े कुणाल के पास पहुंचे और उसे पीछे खींचने की कोशिश करने लगे।
लेकिन तभी होनी को कुछ और ही मंजूर था। कुणाल को बचाने की कोशिश में अचानक मुरलीधर का संतुलन बिगड़ गया और वे दोनों (पिता और बेटा) लगभग 250 फीट गहरी खाई में जा गिरे।
अपनी आंखों के सामने पति और इकलौते बेटे को मौत के मुंह में जाते देख स्तब्ध संगीता अंदर से पूरी तरह टूट गईं। उन्होंने बिना एक पल गंवाए, महज कुछ ही सेकंड में खुद भी पहाड़ी से नीचे छलांग लगा दी। इस भयानक हादसे में तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बेटे कुणाल का इस पहाड़ी से पुराना नाता था। वह पिछले साल भी इसी तरह आत्महत्या करने के इरादे से इस कोहड्या डोंगर पहाड़ी पर पहुंच गया था।
हालांकि, उस समय मौके पर पहुंची पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया और उसकी काउंसलिंग करके उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया था। लेकिन इस बार एक आईफोन की जिद्द ने पूरे परिवार का नामोनिशान ही मिटा दिया।