Chhatrapati Sambhajinagar: मिटमिटा में 850 अवैध भूखंडों पर चला जेसीबी, 13 एकड़ पर निर्माण प्लाट ध्वस्त

Mitmita Demolition Action: छत्रपति संभाजीनगर के मिटमिटा में मनपा ने 13 एकड़ क्षेत्र में विकसित 850 अनधिकृत भूखंडों पर कार्रवाई करते हुए प्लाटिंग ध्वस्त की।
mitmita 850 illegal plots demolished 13 acres
मिटमिटा अवैध प्लाटिंग (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Illegal Plotting: छत्रपति संभाजीनगर शहर में कृषि भूमि पर बिना अनुमति भूखंड काटकर उनकी बिक्री करने वालों के खिलाफ मनपा ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को मिटमिटा क्षेत्र के गट क्रमांक 178 और 179 में करीब 13 एकड़ क्षेत्र में विकसित की गई 850 अनधिकृत प्लाटिंग को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान भूखंडों की सीमाएं निर्धारित करने के लिए लगाए गए सीमेंट के खंभे, बनाई गई सड़कें और प्लाटिंग के अन्य चिन्ह भी हटा दिए गए। मनपा की इस कार्रवाई से अवैध रूप से प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है।

गट 178 में 500 भूखंडों की प्लाटिंग

मनपा से मिली जानकारी के अनुसार, मिटमिटा के गट क्रमांक 178 में करीब 6.5 एकड़ जमीन पर लगभग 500 अनधिकृत भूखंड विकसित किए गए थे। बिना सक्षम अनुमति के जमीन पर प्लाट काटकर उनकी बिक्री की तैयारी की जा रही थी। इस मामले में विकासक के रूप में असलम खान अजमत खान का नाम सामने आया है। मनपा को यहां बिना अनुमति प्लाटिंग किए जाने की शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की गई।

गट 179 में 350 अवैध भूखंड

मनपा के अतिक्रमण विभाग के संनियंत्रण अधिकारी संतोष वाहुले ने बताया कि गट क्रमांक 179 में करीब 8.5 एकड़ क्षेत्र में लगभग 350 भूखंड काटे गए थे। यह जमीन मिटमिटा रेलवे पटरी के दक्षिण दिशा में स्थित है। अधिकारियों के अनुसार, यह वर्ग-दो की अहस्तांतरणीय जमीन है। यहां भूखंडों की सीमाएं तय करने के लिए सीमेंट के खंभे लगाए गए थे। इस मामले में विकासक के रूप में शाहीन फातिमा इलियास खान का नाम सामने आया है। दोनों गटों में मनपा के अतिक्रमण निर्मूलन दल ने कार्रवाई करते हुए अनधिकृत रूप से बनाए गए रास्तों, भूखंडों के सीमांकन और अन्य निर्माण को जेसीबी से हटाया।

तीन जेसीबी और तीन हाइवा से कार्रवाई

मनपा आयुक्त अमोल येडगे के आदेश पर तथा अतिक्रमण विभाग के सनियंत्रण अधिकारी संतोष वाहुले के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सहायक आयुक्त संजय सुरडकर, इमारत निरीक्षक मुकेश खडसे, रविंद्र देसाई सहित अतिक्रमण निर्मूलन दल और नागरी मित्र दल के जवान कार्रवाई में शामिल रहे। तीन जेसीबी और तीन हाइवा ट्रकों की सहायता से करीब 13 एकड़ क्षेत्र में की गई अनधिकृत प्लाटिंग को हटाया गया।

mitmita 850 illegal plots demolished 13 acres
नासिक कुंभ में पहली बार शामिल होगा किन्नर अखाड़ा, त्र्यंबकेश्वर में जूना अखाड़े के संग लगाएगा छावनी

जमीन मालिकों और प्लाटिंग करने वालों पर होंगे मामले दर्ज

मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत प्लाटिंग को केवल ध्वस्त करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। गट क्रमांक 178 और 179 में बिना अनुमति भूखंड काटकर बिक्री किए जाने के मामले में संबंधित जमीन मालिकों और प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी है। मनपा के संनियंत्रण अधिकारी संतोष वाहुले ने बताया कि बिना अनुमति भूखंड काटकर उनकी बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान जारी

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कृषि भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग कर भूखंड बेचने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे पहले सातारा-देवलाई, चिकलथाना और हर्सूल क्षेत्र में भी मनपा ने कार्रवाई की थी। अब मिटमिटा में बड़े पैमाने पर हुई कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में चिंता बढ़ गई है। मनपा प्रशासन ने संकेत दिया है कि बिना अनुमति प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com