Chhatrapati Sambhajinagar: महापौर करंडक एकांकिका स्पर्धा 26 दिसंबर से; प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपए

Mayor Karandak One Act Play Competition: छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका की महापौर करंडक राज्यस्तरीय एकांकिका स्पर्धा 26 और 27 दिसंबर 2026 को संत एकनाथ रंगमंदिर में आयोजित होगी।
mayor karandak one act play competition sambhajinagar 2026
महापौर करंडक एकांकिका स्पर्धा(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • महापौर करंडक राज्यस्तरीय एकांकिका स्पर्धा 26 और 27 दिसंबर 2026 को संत एकनाथ रंगमंदिर में आयोजित होगी।

  • विजेता दल को एक लाख, द्वितीय विजेता को 75 हजार और तृतीय विजेता को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।

  • दो प्रोत्साहन पुरस्कारों सहित प्रतियोगिता में कुल 4 लाख 10 हजार रुपए के पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

Chhatrapati Sambhajinagar Drama Competition: छत्रपति संभाजीनगर शहर में नाट्य कला को प्रोत्साहन देने और राज्य के उभरते कलाकारों को प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका की ओर से बंद पड़ी महापौर करंडक राज्यस्तरीय एकांकिका स्पर्धा फिर से शुरू की जा रही है।

यह प्रतियोगिता 26 और 27 दिसंबर को संत एकनाथ रंगमंदिर में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के विजेता दल को एक लाख रुपए का प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा। यह जानकारी शहर के महापौर समीर राजूरकर ने आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

महापौर समीर राजूरकर ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

महापौर राजूरकर ने बताया कि महानगरपालिका का सांस्कृतिक विभाग इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य की प्रतिभाशाली नाट्य संस्थाओं, कलाकारों, लेखकों और निर्देशकों को मंच उपलब्ध कराना तथा नाट्य कला के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है। उन्होंने राज्यभर की नाट्य संस्थाओं और कलाकारों से बड़ी संख्या में इसमें भाग लेने की अपील की।

विजेता दल को मिलेंगे एक लाख रुपए

महापौर ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त दो प्रोत्साहन पुरस्कार भी रखे गए हैं। प्रत्येक प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए 25 हजार रुपए की राशि निर्धारित की गई है। विजेता दलों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।

नौ विधाओं में भी मिलेगा पुरस्कार

महापौर समीर राजूरकर ने बताया कि एकांकिका के साथ ही व्यक्तिगत कलात्मक प्रतिभा को भी सम्मानित किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ निर्देशन, लेखन, पुरुष अभिनय, महिला अभिनय, संगीत, नेपथ्य, प्रकाश व्यवस्था, रंगभूषा और वेशभूषा जैसी नौ विधाओं में पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक विधा में प्रथम पुरस्कार 7 हजार, द्वितीय पुरस्कार 5 हजार और तृतीय पुरस्कार 3 हजार रुपए का होगा। इसके साथ सहभागिता प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। इस प्रकार प्रतियोगिता के लिए कुल 4 लाख 10 हजार रुपए की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

mayor karandak one act play competition sambhajinagar 2026
छत्रपति संभाजीनगर मनपा: 140 करोड़ मिले, पर कर्मचारियों की कमी से गुंठेवारी की 10 हजार फाइलें अटकीं

15 दिसंबर तक करा सकेंगे पंजीकरण

महापौर ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक नाट्य दलों को प्रति एकांकिका 2 हजार रुपए पंजीकरण शुल्क देना होगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। सभी प्रतिभागी दलों को अपनी एकांकिका के साथ स्वयं उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता स्थल पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना होगा।

सुबह 10 बजे शुरू होगी प्रतियोगिता

महापौर राजूरकर ने बताया कि 26 दिसंबर को सुबह 10 बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। दो दिनों तक चलने वाली इस स्पर्धा के बाद 27 दिसंबर को शाम 6 बजे विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आयोजन संत एकनाथ रंगमंदिर में होगा।

mayor karandak one act play competition sambhajinagar 2026
गोकुल दूध संघ विवाद पर कोल्हापुर में किसानों का शक्ति प्रदर्शन, अध्यादेश के खिलाफ हजारों लोग सड़कों पर

राज्यभर के कलाकारों से भाग लेने की अपील

महापौर ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से छत्रपति संभाजीनगर को राज्य के सांस्कृतिक और नाट्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राज्य की सभी नाट्य संस्थाओं, महाविद्यालयों के नाट्य समूहों, शौकिया और व्यावसायिक कलाकारों से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।

इस आयोजन में उपमहापौर राजेंद्र जंजाल, स्थायी समिति के सभापति अनिल मकरिये, सदन के नेता गोविंद केंद्रे, विपक्ष के नेता अब्दुल समीर साजिद, मनपा आयुक्त अमोल येडगे, अतिरिक्त आयुक्त रणजीत पाटील और कल्पिता पिंपले का सहयोग रहेगा। संपर्क डॉ. सर्वेश नांद्रेकर, सांस्कृतिक कार्य अधिकारी, छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका। पंजीकरण और अधिक जानकारी के लिए संपर्क क्रमांक 9823029920 पर संपर्क किया जा सकता है।