

Chhatrapati Sambhajinagar Khavlya Pahar Accident News: छत्रपति संभाजीनगर से सटे धुले-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित खवल्या पहाड़ पर घटी खौफनाक घटना का वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी का भी कलेजा कांप उठे। पारिवारिक विवाद के बाद पहाड़ के खतरनाक किनारे पर पहुंचे एक युवक को बचाने की कोशिश में उसके माता-पिता की भी दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और तिसगांव के पूर्व सरपंच संजय जाधव के अनुसार, यह पूरी घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। युवक घरेलू कलह के कारण खवल्या पहाड़ की सबसे ऊंची और खतरनाक चोटी पर जाकर खड़ा हो गया था। स्थानीय लोगों की सूचना मिलते ही छत्रपति संभाजीनगर पुलिस, अग्निशमन दल की टीम और युवक के परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे।
खवल्या पहाड़ के नीचे और किनारे खड़े होकर पुलिसकर्मी तथा स्थानीय नागरिक युवक को लगातार पीछे हटने के लिए समझाते रहे। मां बेबस होकर अपने बेटे के सामने हाथ जोड़ रही थी और वापस आने की भीख मांग रही थी। पिता भी अपनी जान जोखिम में डालकर उसे सुरक्षित स्थान पर खींचने का हरसंभव प्रयास कर रहे थे। करीब तीन घंटे तक परिजन और रेस्क्यू टीम युवक की काउंसलिंग में जुटे रहे, लेकिन वक्त को कुछ और ही मंजूर था।
दोपहर करीब एक बजे अचानक युवक का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे गहरी खदान की तरफ गिरने लगा। बेटे को नीचे गिरते देख मां-बाप उसे पकड़ने के लिए हाथ बढ़ाया। इसी आपाधापी में दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे भी गहरी खदान में जा गिरे। इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें तीनों पहाड़ से गहरी खाई में गिरते दिख रहे है।
खवल्या पहाड़ से गिरने के बाद खदान के निचले हिस्से में मौजूद बड़े-बड़े पत्थरों से टकराने के कारण तीनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के तुरंत बाद छत्रपति संभाजीनगर पुलिस और अग्निशमन विभाग के जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खदान में उतरकर राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों के शवों को बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए शासकीय घाटी अस्पताल भेजा गया। इस दिल दहला देने वाले हादसे से तिसगांव, देवलाई और सातारा परिसर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।