

मुख्य आरोपी नईम शाह के खिलाफ 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने नईम शाह, सुभान शेख और सराफ शेख मोहसीन को गिरफ्तार किया।
सिडको क्षेत्र में आठ और हर्सूल में तीन घरफोड़ियों का खुलासा हुआ।
22 नवंबर को एन-5 क्षेत्र में हुई चोरी की जांच से मिला पहला सुराग।
Sambhajinagar Police Busts Gang Involved In 11 Burglaries: सिर पर मंकी कैप, सुनियोजित तरीके से बंद मकानों की रेकी और मौका मिलते ही घरों में सेंधमारी। छत्रपति संभाजीनगर में चोरी की लगातार वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का अपराध शाखा ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह का मुख्य आरोपी पिछले 20 वर्षों से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और उसके खिलाफ 25 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसके साथी और चोरी का सोना खरीदने वाले सराफ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से सिडको और हर्सूल क्षेत्र की 11 घरफोड़ियों का खुलासा हुआ है। कुल 7 लाख 91 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है।
सिडको थाने के पुलिस निरीक्षक अतुल येरमे ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में नईम शाह उर्फ चुन्नू उस्मान शाह (37, फकीरवाड़ी), सुभान शेख इसाक शेख (22, अल्तमश कॉलोनी) और चोरी का सोना खरीदने वाला सराफ शेख मोहसीन शेख जाफर (36, बायजीपुरा) शामिल हैं। मुख्य आरोपी नईम के खिलाफ पहले से ही 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस निरीक्षक अतुल येरमे के अनुसार, एन-5 क्षेत्र निवासी बलवंत कोकणे के मकान में 22 नवंबर को चोरी हुई थी। इस मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा ने तकनीकी विश्लेषण और मयूर पार्क क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की मदद ली। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस नईम शाह और उसके साथी सुभान तक पहुंची। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो शहर में हुई कई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ।
पुलिस निरीक्षक येरमे ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने सिडको क्षेत्र की आठ और हर्सूल क्षेत्र की तीन घरफोड़ियों में शामिल होने की बात स्वीकार की। इस प्रकार कुल 11 मामलों का पर्दाफाश हुआ। आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।
जांच में पता चला कि नईम चोरी के आभूषणों को अपने पास रखने के बजाय अलग-अलग स्थानों पर छिपाता था। उसने कुछ गहने फकीरवाड़ी स्थित अपनी दूसरी पत्नी के घर में रखे थे। पुलिस ने वहां से भी चोरी का माल बरामद किया। वहीं चोरी के सोने को बेचने के लिए आरोपी ने सराफ शेख मोहसीन से संपर्क किया था।
पुलिस ने सराफ को भी गिरफ्तार कर उसके पास से 20 ग्राम सोना जब्त किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से करीब छह तोला सोना, चांदी के आभूषण, एक टेबलेट और हर्सूल क्षेत्र से चुराई गई मोटरसाइकिल (एमएच-20-जीडी-6160) बरामद की गई है। जब्त किए गए माल का कुल मूल्य 7 लाख 91 हजार रुपये है।
पुलिस निरीक्षक अतुल येरमे ने बताया कि नईम कुख्यात अपराधी अनीस बाबा का साला है। दोनों के बीच विवाद होने के बाद नईम ने सुभान को साथ लेकर अलग से चोरी की वारदातें शुरू कर दी थीं। शराब और जुए की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत के चलते वह घरफोड़ियां करता था। पिछले छह महीनों में उसने कई मकानों को निशाना बनाया। छत्रपति संभाजीनगर में सिडको के नर्मदेश्वर मंदिर की दानपेटी चोरी के मामले में भी वह फरार था।
इस कार्रवाई में पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार, उपायुक्त शशिकांत सातव और सहायक आयुक्त पूनम पाटील का मार्गदर्शन मिला। अपराध शाखा के निरीक्षक गजानन कल्याणकर, उपनिरीक्षक अर्जुन कदम, राजेंद्र सालुंके, योगेश गुप्ता, श्रीकांत काले, मनोहर त्रिभुवन, मनोहर गीते और विक्रम खंडागले सहित पुलिस दल ने कार्रवाई की। आरोपियों की अन्य संभावित वारदातों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े संपर्कों की भी जांच की जा रही है।