

Plastic Seized Transport Fine Action: छत्रपति संभाजीनगर जिले में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग और बिक्री पर कार्रवाई के साथ ही अब बाहर से शहर में लाए जा रहे प्रतिबंधित प्लास्टिक पर भी मनपा ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
घनकचरा प्रबंधन विभाग की टीम द्वारा शहर में आने वाले विभिन्न मार्गों पर निगरानी रखकर प्रतिबंधित प्लास्टिक की आवाजाही की जांच की जा रही है।
छत्रपति संभाजीनगर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनपा ने बड़ी कार्रवाई की है। घनकचरा प्रबंधन विभाग की टीम ने सार्को ट्रांसपोर्ट पर छापा मारकर प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग का बड़ा भंडार जब्त किया। जांच के दौरान सामने आया कि यह खेप शालिमार प्लास्टिक के मालिक नाजिम शेख के नाम से भेजी गई थी।
मनपा की टीम ने कार्रवाई के दौरान कुल 1,080 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग बरामद किए। प्रतिबंधित प्लास्टिक के परिवहन और भंडारण के मामले में संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया।
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में बाहर से आने वाले प्रतिबंधित प्लास्टिक पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा आयुक्त अमोल येडगे के आदेश तथा उपायुक्त नंदकिशोर भोंबे के नियोजन के अनुसार प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान नागरिक मित्र दल के देविदास सुसर, विष्णु काकडे, मच्छिंद्र वाघ, कैलास भोसले, कैलास सोनवणे, बाबुराव सपकाल और जवान आनंद चावरिया ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, बिक्री और भंडारण पर निगरानी लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने नागरिकों और व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने तथा इसकी खरीद-बिक्री और भंडारण से पूरी तरह बचने की अपील की है। मनपा ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं।