

Action Against Defaulters: एस.आई.आर. कार्यवाही में मनपा के अधिकारी और कर्मचारी व्यस्त होने के कारण पिछले कुछ दिनों से क्षेत्रीय कार्यालयों की संपत्ति कर वसूली प्रभावित हुई थी। अब एस.आई.आर. कार्यवाही से थोड़ी राहत मिलने के बाद मनपा ने दोबारा बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने बड़े संपत्ति कर बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मनपा आयुक्त अमोल येडगे के आदेश तथा अतिरिक्त आयुक्त कल्पिता पिंपले और उपायुक्त विकास नवाले के निर्देश पर 3 सितंबर को विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों की टीमों ने सीलिंग अभियान चलाया।
प्रभाग कार्यालय क्रमांक 1 में तीन संपत्तियां सील कर 2.56 लाख रुपये का कर वसूला गया। वहीं, क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 2 की टीम ने तीन संपत्तियां सील कर 3.06 लाख रुपये संपत्ति कर वसूल किया। मनपा ने स्पष्ट किया कि बकायेदारों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा की कार्रवाई में प्रभाग कार्यालय क्रमांक 4 की तीन, क्रमांक 6 की दो, क्रमांक 7 की एक और क्रमांक 9 की एक संपत्ति सील की गई। प्रभाग कार्यालय क्रमांक 9 की कार्रवाई के दौरान 2.01 लाख रुपये का संपत्ति कर वसूल किया गया।
बड़े बकायेदारों के खिलाफ दिनभर चले इस अभियान में मनपा की विभिन्न टीमों ने सख्ती दिखाते हुए करीब 40 लाख रुपये का संपत्ति कर वसूल किया। मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया कर वसूली के लिए आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी और बड़े बकायेदारों पर शिकंजा कसा जाएगा।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने संपत्ति कर वसूली अभियान को और तेज करने का फैसला किया है। इसके तहत अब प्रत्येक गुरुवार और शुक्रवार को बड़े बकायेदार संपत्तिधारकों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जाएगी। बकाया कर जमा नहीं करने वाली संपत्तियों को जब्त करने के साथ ही उन्हें सील भी किया जाएगा।
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर वसूली में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने संपत्तिधारकों से अपील की है कि वे अपना बकाया संपत्ति कर तत्काल जमा करें। उन्होंने कहा कि समय पर कर भुगतान करने से जब्ती और सीलिंग जैसी अप्रिय कार्रवाई से बचा जा सकता है।