मराठवाड़ा यूनिवर्सिटी में 355 कर्मचारियों की कलमबंद हड़ताल, 777 में से 422 पद खाली होने से कामकाज प्रभावित

BAMU Non Teaching Staff Strike: बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के 355 गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर हड़ताल की। 422 पद खाली होने से परीक्षा और प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हुआ।
BAMU Non Teaching Staff Strike Over Vacant Posts And Pending Demands
BAMU के गैर-शिक्षण कर्मचारियों की हड़ताल(फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • विश्वविद्यालय में स्वीकृत 777 पदों में से 422 पद खाली हैं।

  • सभी 355 कार्यरत गैर-शिक्षण कर्मचारी आंदोलन में शामिल हुए।

  • सुबह 10.30 से शाम 5.30 बजे तक कलमबंद हड़ताल चली।

  • सातवें वेतन आयोग के तहत 10, 20 और 30 साल पर तीन लाभ देने की मांग।

  • 14 दिसंबर को नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ बैठक निर्धारित है।

BAMU Vacant Posts And Pending Demands: डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने गुरुवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय कलमबंद हड़ताल की। आंदोलन में विश्वविद्यालय के सभी 355 कार्यरत कर्मचारी शामिल हुए। इसके चलते परीक्षा, लेखा, स्थापना, शैक्षणिक, स्नातकोत्तर और पीएचडी विभागों का कामकाज प्रभावित हुआ।

विश्वविद्यालय में स्वीकृत 777 पदों में से 422 पद खाली हैं। कर्मचारियों का कहना है कि 55 प्रतिशत पद रिक्त होने के कारण उपलब्ध कर्मचारियों पर काम का बोझ दोगुना हो गया है।विश्वविद्यालय गैर-शिक्षण कर्मचारी संगठन के राज्य कार्याध्यक्ष डॉ. कैलास पाथ्रीकर के नेतृत्व में सुबह 10.30 बजे आंदोलन शुरू हुआ।

संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर आंदोलन की शुरुआत की गई। महात्मा फुले की प्रतिमा के सामने स्थित मैदान में कर्मचारी एकत्रित हुए और विभिन्न मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। सुबह 10.30 से शाम 5.30 बजे तक आंदोलन जारी रहा।

क्या है संगठन के अध्यक्ष का कहना?

संगठन के अध्यक्ष डॉ. कैलास पाथ्रीकर ने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षक तथा गैर-शिक्षण कर्मचारी दोनों ही महत्वपूर्ण घटक हैं, लेकिन शासन की ओर से गैर-शिक्षण कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। बार-बार आंदोलन और ज्ञापन देने के बावजूद उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर राज्यभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।

डॉ. पाथ्रीकर ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की संख्या 300 से बढ़कर लगभग 500 तक पहुंच गई है, लेकिन कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि नहीं हुई। स्वीकृत 777 पदों में से केवल 355 पदों पर कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि 422 पद रिक्त हैं। ऐसी स्थिति में कर्मचारियों को दोगुना काम करना पड़ रहा है। शासन को तत्काल रिक्त पदों पर भर्ती की अनुमति देनी चाहिए।

क्या है कर्मचारियों की प्रमुख मांगें?

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सातवें वेतन आयोग के अनुसार 10, 20 और 30 वर्ष की सेवा पूरी करने पर आश्वासित प्रगति योजना के तीन लाभ लागू करना शामिल है। शासन के अन्य विभागों में पात्र कर्मचारियों को इसका लाभ मिल रहा है, लेकिन विश्वविद्यालयों और संबद्ध महाविद्यालयों के गैर-शिक्षण कर्मचारी अब तक इससे वंचित हैं। इस योजना का प्रस्ताव उच्च शिक्षा संचालनालय से उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा वित्त विभाग तक पहुंचने के बावजूद अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।

इसके अलावा वर्ष 2005 से पहले भर्ती प्रक्रिया शुरू होने या पूरी होने के बाद नियुक्त हुए तथा नियमानुसार पात्र कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि नियुक्ति की तारीख, भर्ती प्रक्रिया और अनुदान की स्थिति को ध्यान में रखकर पात्र कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाना चाहिए। विश्वविद्यालयों और संबद्ध महाविद्यालयों के गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग भी उठाई गई है।

4000-6000 रुपये की वेतनश्रेणी लागू करने की भी मांग

इसी तरह शिक्षकों की भर्ती को मंजूरी देने की तर्ज पर गैर-शिक्षण कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने की तत्काल अनुमति देने तथा महाविद्यालयों के प्रयोगशाला परिचरों को समयबद्ध पदोन्नति के तहत 4000-6000 रुपये की वेतनश्रेणी लागू करने की मांग की गई है। इन पांच मांगों को लेकर कर्मचारी लंबे समय से शासन स्तर पर प्रयास कर रहे हैं।

आंदोलन के दौरान कुलगुरु डॉ. विजय फुलारी, कुलसचिव डॉ. संजय कवडे और प्रबंधन परिषद सदस्य डॉ. अंकुश कदम ने कर्मचारियों से मुलाकात की। कुलगुरु ने मांगों के समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने का आश्वासन दिया।

BAMU Non Teaching Staff Strike Over Vacant Posts And Pending Demands
बिजली बिल में बचत का मौका, छत्रपति संभाजीनगर के 3 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मिले 7.13 करोड़ रुपये

मंत्री चंद्रकांत पाटिल के साथ बैठक

इस बीच, महाराष्ट्र के विश्वविद्यालय और महाविद्यालयीन गैर-शिक्षण कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल की गुरुवार को होमी भाभा विश्वविद्यालय में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल के साथ बैठक हुई। इसमें विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अजय देशमुख सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। डॉ. पाथ्रीकर ने बताया कि शीतकालीन अधिवेशन के दौरान 14 दिसंबर को नागपुर में मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ बैठक निर्धारित की गई है। इस बैठक के बाद संगठन अपनी अगली भूमिका घोषित करेगा।