

Highlights:
वरोरा निवासी समीना बोहरा 1 नवंबर को परिवार के साथ शादी समारोह में मुंबई गई थीं। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया।
घर की लोहे की अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई।
पुलिस ने सत्येंद्र उर्फ राहुल गुप्ता (41) और प्रेम शालीकराम खत्री (35) को गिरफ्तार किया।
Warora Police Crime News: शादी समारोह में शामिल होने मुंबई गए परिवार के बंद मकान में सेंध लगाकर 26.10 लाख रुपए के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को वरोरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल समेत कुल 30 लाख 35 हजार 198 रुपए का माल बरामद किया है। आरोपियों के नाम नागपुर निवासी सत्येंद्र उर्फ राहुल राजबहादुर गुप्ता (41) और प्रेम शालीकराम खत्री (35) है।
वरोरा में हनुमान व्यायामशाला के पास रहने वाली समीना अलीअसगर बोहरा 1 नवंबर को सुबह करीब 10.30 बजे घर पर ताला लगाकर शादी समारोह में मुंबई गई थीं। 5 नवंबर को दोपहर 3.30 बजे लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर बेडरूम की लोहे की अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को घर के लोहे के गेट पर जूतों के निशान मिले।
इसके बाद घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में आधी रात के समय एक संदिग्ध कार दिखाई दी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने 10 नवंबर को बाबा दिवाण मस्जिद के पास यशोधरानगर नागपुर निवासी सत्येंद्र उर्फ राहुल राजबहादुर गुप्ता (41) और नौकन्या नगर नागपुर निवासी प्रेम नकाह शालीकराम खत्री (35) को गिरफ्तार किया।
आरोपियों से 210.65 ग्राम सोने के आभूषण (29,10,165 रुपए), चांदी की वस्तुएं (11,033 रुपए), 25 हजार रुपए नकद और तीन मोबाइल फोन (21 हजार रुपए) जब्त किए गए। कुल जब्ती 30,35,198 रुपए की है।
पुलिस ने फुटप्रिंट से जूतों और सीसीटीवी में दिखाई दिए टी-शर्ट का मिलान भी किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे और उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में थानेदार ओमप्रकाश सोनटक्के तथा स्थानिक अपराध जांच दल ने की है।