

Snakes Threat Students In Gadchiroli: गड़चिरोली जिले के जपतलाई आश्रमशाला में सर्पदंश की घटना ताजा होने के बीच अब शहर के रामाला स्थित जिला परिषद प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्कूल परिसर में बार-बार जहरीले सांप दिखाई देने से विद्यार्थियों के साथ ही अभिभावकों में भी भय का माहौल है।
रामाला जिला परिषद प्राथमिक शाला में लगातार दो दिनों तक जहरीले सांप मिलने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में दहशत का माहौल है। स्कूल के प्रधानाचार्य नलिन्द्र मुरारी के अनुसार, 19 और 20 अगस्त को अलग-अलग दिनों में स्कूल के मुख्य दरवाजे के पास तथा विद्यार्थियों के बैग में जहरीले सांप पाए गए।
अचानक सांप मिलने की घटनाओं से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए हैं। दरवाजों और खिड़कियों पर बारीक तार की जालियां लगाई गई हैं, ताकि सांप और अन्य जहरीले जीव स्कूल भवन के भीतर प्रवेश न कर सकें। इसके बावजूद लगातार सांप मिलने से अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
रामाला जिप स्कूल परिसर में सांपों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए हैं। स्कूल के मैदान में उगी घास को औषधीय दवाओं के माध्यम से नष्ट किया गया है।
इसके साथ ही पूरे परिसर की साफ-सफाई कराई गई और सांपों व अन्य जहरीले जीवों से बचाव के लिए थीमेट का छिड़काव भी किया गया। स्कूल प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद परिसर में सांपों के दिखाई देने की घटनाएं कम होने के बजाय बढ़ती नजर आ रही हैं।
इससे विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है। अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और स्कूल परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने की मांग कर रहे हैं।