साखरवाही फार्म हाउस में जुए पर रेड, 13 आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख 73 हजार रुपये नकद सहित जुआ सामग्री जब्त

Chandrapur Gambling Raid: चंद्रपुर के साखरवाही रोड स्थित फार्म हाउस पर पुलिस की छापेमारी में 13 जुआरी गिरफ्तार किए गए और 1.73 लाख रुपये नकद सहित जुआ सामग्री जब्त की गई।
Sakharwahi farmhouse
gamblers arrested (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Sakharwahi Farmhouse: चंद्रपुर शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्थानीय गुन्हे शाखा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साखरवाही रोड स्थित एक फार्म हाउस पर छापा मारकर 13 जुआरियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 1,73,200 रुपये नकद और जुआ सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार शहर में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध धंधों पर कार्रवाई के लिए टीम रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साखरवाही क्षेत्र स्थित एक फार्म हाउस पर कुछ लोग पेड़ के नीचे बैठकर 52 पत्तों पर पैसे की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

पुलिस ने पंचों की उपस्थिति में मौके पर दबिश दी

सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों की उपस्थिति में मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान आरोपी हार-जीत के आधार पर जुआ खेलते पाए गए। पुलिस ने सभी को मौके पर हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से नगद रकम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों में गुरुबाजसिंग रंजितसिंग गोतरा, प्रदीप दिनकर गंगमवार, बबलू सलाम शेख, पाशा ताजमेहर शेख, सुमीत भारत निखड़े, जीवन जगदीश सोनी (पनवेल, मुंबई), सुनील मधुकर हांडे, रंजित जनार्दन कांबले, राजू लिंगाजी गोवर्धन, संजय विठ्ठलराव गावंडे, जीवन यादव हांडे, पुरनचंद कन्हैयालाल बुटन तथा आतिश जनार्दन पाटील शामिल हैं।

जब्त सामग्री

  • विभिन्न आरोपियों से कुल 1,63,100 रुपये नकद
  • दांव (बाजी) पर रखी 10,000 रुपये की रकम
  • 52 ताश पत्तों की गड्डी

कुल जब्त माल: 1,73,200 रुपये

पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटो ई-साक्ष ऐप के माध्यम से तैयार किए हैं तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रमाणन भी प्राप्त किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12(अ) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई से अवैध जुआ संचालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी प्रकार के अवैध धंधे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com