चंद्रपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 51 मामलों में जब्त 66 लाख रुपये से अधिक का गांजा, एमडी और हेरोइन नष्ट

Chandrapur Police News: चंद्रपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत 51 मामलों में जब्त 66.14 लाख रुपये के गांजा, एमडी और हेरोइन को नागपुर में सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया है।
Anti Narcotics Action In Chandrapur
चंद्रपुर पुलिस मादक पदार्थ नष्ट करते हुए (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Anti Narcotics Action In Chandrapur: चंद्रपुर जिले में मादक पदार्थों का कारोबार बड़े पैमाने पर फल-फूल रहा है। पुलिस विभाग की लगातार छापामार कार्रवाई के बावजूद जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और इसके इस्तेमाल पर अंकुश संभव नहीं हो पाया है। पुलिस ने अब तक जितना भी मादक पदार्थ जब्त किया था, उसे नष्ट किया है। लगभग 66.14 लाख रुपये के मादक पदार्थ को नष्ट किया गया है।

चंद्रपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज 51 प्रकरणों में जब्त 66 लाख 14 हजार 886 रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया। यह कार्रवाई जिला न्यायालय, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल तथा जिला स्तरीय मादक पदार्थ निस्तारण समिति की अनुमति के बाद की गई।

सबसे बड़े पैमाने पर गांजा जब्त

चंद्रपुर पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 310 किलो 340 ग्राम गांजा (मूल्य 53,02,486 रुपये), 420 ग्राम एमडी (पाउडर) (मूल्य 13,05,000 रुपये) तथा 76 ग्राम हेरोइन (गर्द) (मूल्य 7,400 रुपये) शामिल हैं। जब्त मादक पदार्थों का कुल मूल्य 66,14,886 रुपये है।

पूरी तरह से सुरक्षित तरीके से हुआ नष्ट

महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के दिशा-निर्देशों के अनुसार, सभी मादक पदार्थों को सरकारी वाहन से सुरक्षित रूप से एमआईडीसी बुटीबोरी, नागपुर स्थित महाराष्ट्र एनवायरो पावर लिमिटेड के संयंत्र में ले जाया गया। वहां अत्याधुनिक बॉयलर प्रणाली के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल तरीके से उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े तथा प्रभारी गृह उपअधीक्षक (मुख्यालय) अजिंक्य तांबडे के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे (नोडल अधिकारी) सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि चंद्रपुर जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com