

Chandrapur Municipal Election: चंद्रपुर शहर महानगर पालिका प्रशासन ने शहर मनपा चुनाव में आरक्षित वार्डों से से जीते 11 नगरसेवकों को नोटिस जारी किया है। अपना जाति पड़ताल प्रमाणपत्र (सीवीसी) जिन नगरसेवकों ने जमा नहीं किया है, उन्हें यह नोटिस भेजा गया है। उधर नोटिस मिलते ही 4 नगरसेवकों ने अपना जाति पड़ताल प्रमाणपत्र जमा कर दिया।
परंतु, 7 पार्षदों ने अभी तक अपना प्रमाणपत्र जमा नहीं किए जाने की खबर है। चंद्रपुर शहर महानगर पालिका का तीसरा आम चुनाव पिछले जनवरी में हुआ था। 17 प्रभागों के 66 नगरसेवकों के लिए हुए इस चुनाव में 49 नगरसेवक पहली बार चुने गए हैं।
66 नगरसेवकों में से 13 (7 महिलाएं) अनुसूचित जाति प्रवर्ग से, 5 (3) महिलाएं) अनुसूचित जनजाति प्रवर्ग से, 17 (9 महिलाएं) नागरिकों के पिछडा प्रवर्ग से और 31 (14 महिलाएं) नगरसेवक सामान्य प्रवर्ग से हैं। चुनाव में कई लोगों ने अपना जाति पडताल प्रमाणपत्र जमा नहीं किया था।
नियमों के मुताबिक, आरक्षित प्रवर्ग से चुने गए प्रत्याशियों को चुनाव खत्म होने के 6 महीने के अंदर अपना जाति पड़ताल प्रमाणपत्र जमा करना जरूरी है। इसी नियम के आधार पर चंद्रपुर शहर मनपा के चुनाव विभाग ने 11 नगरसेवकों को नोटिस जारी किया है।
इनमें शिवसेना (युबीटी) गुट नेता राहुल विरुटकर, कांग्रेस पार्षद राहुल चौधरी, भाजपा पार्षद सुनीता जायसवाल, शिंदे सेना के पार्षद धीलन केलझरकर ने अपने जाति पड़ताल प्रमाणपत्र जमा कर दिए हैं।
लेकिन, पिछड़े वर्ग के 7 नगरसेवकों ने अभी तक अपने प्रमाणपत्र जमा नहीं किए हैं। चुनाव हुए चार महीने बीत चुके हैं। 7 नगरसेवकों के पास अपने प्रमाणपत्र जमा करने के लिए 2 महीने हैं। इस बीच, चंद्रपुर शहर महानगर पालिका के चुनाव विभाग ने साफ किया है कि जो नगरसेवक तय समय में अपने जाति पड़ताल प्रमाणपत्र जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।