

Sambhajinagar Municipal Water Scheme: छत्रपति संभाजीनगर शहर की नई जलापूर्ति योजना की मुख्य पाइप लाइन पर एयरवॉल्व लगाने के लिए किए गए होल की वेल्डिंग निकल जाने से पाइपलाइन में लीकेज हो गया है। मरम्मत कार्य जारी होने से शहर के कुछ हिस्सों में जलापूर्ति निर्धारित समय से देरी से होगी।
पाइप के अंदर पानी भरा होने से अंदरूनी वेल्डिंग नहीं हो सकी, जिसके चलते काम लंबा खिंच गया है। अब सोमवार (18) मई) दोपहर के बाद ही आगे के हिस्सों में पानी छोड़ा जाएगा। जानकारी के अनुसार, मुख्य लाइन के जरिए जैकवेल से पानी नक्षत्रवाड़ी तक पहुंचाने के बाद सफाई प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसी दौरान बिड़कीन स्थित साई मंदिर परिसर के पास अचानक पाइप से पानी बाहर आने लगा।
शुरुआत में सामान्य वेल्डिंग टूटने की आशंका जताई गई, लेकिन जांच में सामने आया कि एयरवॉल्व लगाने के लिए बनाए गए होल की वेल्डिंग निकल गई थी, जिससे रिसाव शुरू हो गया। जानकारी मिलते ही तत्काल पाइपलाइन में पानी बंद कर संबंधित हिस्से को खाली किया गया।
रविवार को बाहरी हिस्से से वेल्डिंग कर पाइपलाइन रिसाव रोकने का काम शुरू किया गया, लेकिन भीतर पानी मौजूद होने से वेल्लिग नहीं हो सकी। अब आज सोमवार सुबह अंतिम मरम्मत की जाएगी। मरम्मत के साथ-साथ लाइन की सफाई का काम भी जारी है।
अजित सी परिसर और निसर्ग नर्सरीज के पास स्थित स्कॉरवॉल्व से पानी छोड़कर पाइय की सफाई की जाएगी, यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही जलशुद्धीकरण केंद्र तक पानी पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, सुबह पाइपलाइन दोबारा शुरू की जाएगी, दोपहर के बाद आगे के क्षेत्रों में पानी छोड़ा जाएगा। इससे तय समय की तुलना में जलापूर्ति में देरी होना तय माना जा रहा है।