

Highlights:
एसटी महामंडल ने एनसीएमसी कार्ड बनवाने के लिए मुफ्त ऑनलाइन प्राथमिकता स्लॉट बुकिंग सुविधा शुरू की है।
अब यात्रियों को एनसीएमसी कार्ड घर पहुंच मंगाने का विकल्प भी मिलेगा।
ऑनलाइन बुकिंग के बाद मिलने वाला प्राथमिकता टोकन 48 घंटे तक वैध रहेगा। एक व्यक्ति अधिकतम पांच बार टोकन ले सकता है।
Chandrapur NCMC Card Registration: एसटी बसों में यात्रा रियायतों का लाभ लेने के लिए एनसीएमसी कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अब आसान होगी। पंजीयन केंद्रों पर लंबी कतारों और घंटों इंतजार से राहत देने के लिए एसटी महामंडल ने मुफ्त ऑनलाइन प्राथमिकता स्लॉट बुकिंग सुविधा शुरू की है। खास बात यह है कि अब कार्ड घर पहुंच मंगाने का विकल्प भी उपलब्ध है। इससे महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
महामंडल ने नवंबर के अंत तक विशेष रूप से महिला यात्रियों का पंजीयन पूरा करने का लक्ष्य रखा है। घर पहुंच कार्ड का विकल्प चुनने पर संबंधित टीम यात्री से संपर्क करेगी। जिले में अब तक दो लाख से अधिक काडों का पंजीयन हो चुका है। शेष यात्रियों के लिए गांवों और ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए एनसीएमसी कार्ड की अनिवार्यता की समयसीमा 31 दिसंबर 2026 तक शिथिल की गई है। वहीं, कार्ड सक्रिय करने के लिए अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। निर्धारित शुल्क से अधिक राशि मांगे जाने पर रसीद लेकर एसटी महामंडल की आधिकारिक शिकायत व्यवस्था में शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।
ऑनलाइन बुकिंग के बाद मिलने वाला प्राथमिकता टोकन 48 घंटे तक वैध रहेगा। एक व्यक्ति अधिकतम पांच बार टोकन ले सकता है। इससे अधिकृत केंद्र पर प्राथमिकता कतार में पंजीयन कराया जा सकेगा। हालांकि, केवल टोकन लेने से कार्ड का पंजीयन पूरा नहीं होगा। इसके लिए केंद्र पर जाना आवश्यक है।