Chandrapur News: गोंडपिपरी मार्ग पर धानापुर के पास सोमवार 6 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति पत्नी की मौत हो गई जबकि उनकी 6 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें पतिपत्नी की मौत हो गई.
इस हृदयविदारक घटना से इलाके में शोक की लहर फैल गई है. मृतकों में गौतम सुरेश निमसरकर उम्र 35 और वैशाली गौतम निमसरकर उम्र 32, निवासी अनखोडा, तहसील चामोर्शी, जिला गड़चिरोली हैं. घायल बच्ची का नाम सिया निमसरकर उम्र 6 है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौतम निमसरकर अपनी पत्नी वैशाली और बेटी सिया को लेकर बाइक से चंद्रपुर जा रहे थे. इसी दौरान धानापुर के पास सामने से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक क्रमांक MH 34 AB 2324 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
इस भीषण हादसे में गौतम निमसरकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैशाली और सिया गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना की जानकारी मिलते ही गोंडपिपरी पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को तुरंत सामान्य अस्पताल, गोंडपिपरी में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान वैशाली निमसरकर ने भी दम तोड़ दिया.
इस हादसे में मातापिता की मौत से 6 वर्षीय सिया एक पल में अनाथ हो गई है और उसका इलाज जारी है. इस घटना से निमसरकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और आगे की जांच गोंडपिपरी पुलिस द्वारा की जा रही है.