चंद्रपुर में डूबने से पांच युवकों की मौत (फोटो: नवभारत)
चंद्रपुर: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में छुट्टी मनाने पिकनिक के लिए गए 5 युवक की घोडाझरी तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार शाम 4 बजे उजागर हुई। सभी युवक चिमूर तहसील के साटगांव कोलारी के निवासी बताए जा रहे है। मृतकों में जनक किशोर गावंडे (24), यश किशोर गावंडे (23), अनिकेत यशवंत गावंडे (28), तेजस बालाजी गावंडे (24) व संजय ठाकरे (16) शामिल है। इन युवकों में से जनक व यश सगे भाई है, जबकि अनिकेत और तेजस उनके चचेरे भाई।
जानकारी के अनुसार उक्त 5 युवकों के साथ साटगांव कोलारी का ही एक अन्य युवक ऐसे कुल 6 लोग पिकनिक के लिए नागभीड़ तहसील में स्थित घोडाझरी तालाब गए थे। ब्रिटिशकाल में बने इस तालाब को पर्यटन स्थल के रूप में भी पहचाना जाता है। सप्ताहांत में या सार्वजनिक अवकाश के दिनों में यहां भीड़ लगी रहती है।
साटगांव से घोडाझरी पहुंचे इन युवकों ने दिनभर छुट्टी मनाई। वे तलोधी बालापुर के लिए जलापूर्ति के लिए बनाई गई पानी के टंकी के पास तालाब में उतरकर तैराकी कर रहे थे। यहां पानी की गहराई ज्यादा थी, जिसका युवकों को अंदाजा नहीं था।
पानी में उतरते ही सभी 6 युवक पानी में डूबने लगे। इस बीच आर्यन हेमराज हिंगोली तालाब से बाहर आ गया, लेकिन अन्य 5 युवक तालाब में लापता हुए। घटना में बचे युवक ने आसपास के लोगों को जानकारी दी। नागभीड़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
नायब तहसीलदार उमेश कावले, थानेदार कोकोटे, पूर्व जिला परिषद सदस्य संजय गजपुरे, तालुका कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद चौधरी और नागभीड़ नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष सचिन आकुलवार समेत सैकड़ों नागरिक घटनास्थल पर एकत्रित हुए थे।
महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
विधायक बंटी भांगड़िया ने एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई। मृतकों में किशोर गावंडे का एक बेटा जनक, वार्थी भंडारा स्थित सनफ्लैग कंपनी में कार्यरत था, जबकि उसका छोटा भाई यश नागपुर में इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष में था।