स्कूल नहीं बना तो ठोकेंगे ताला! छत गिरने के बाद भड़के अभिभावक, प्रशासन को दी चेतावनी

Chandrapur News: सिंदेवाही के 130 साल पुराने जिला परिषद स्कूल की जर्जर इमारत की छत फिर गिरी। छात्र बाल-बाल बचे। अभिभावकों ने तुरंत नूतनीकरण की मांग की, वरना स्कूल पर ताला लगाने की चेतावनी दी।
Chandrapur Sindewahi Zilla Parishad School News
स्कूल की छत गिरी (फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Chandrapur Sindewahi Zilla Parishad School News: चंद्रपुर जिले की सिंदेवाही पंचायत समिति के अंतर्गत स्थानीय राम मंदिर क्षेत्र में स्थित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय क्रमांक 1 का भवन जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। गुरुवार की सुबह छत की कुछ टाइलें और प्लास्टर गिर गए। गनीमत रही कि उस समय कोई छात्र घटनास्थल पर मौजूद नहीं था।

प्रशासन की लापरवाही पर रोष जताते हुए अब इस इमारत का नूतनीकरण करने की मांग की जा रही है। इस मांग को पूर्ण न करने पर नागरिकों ने स्कूल इमारत पर ताला ठोंककर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। सिंदेवाही स्थित जिला परिषद स्कूल भवन की अभी तक मरम्मत नहीं हुई है। इस स्कूल में 125 छात्र पढ़ते हैं।

छत से टपकता है पानी

मानसून के दौरान स्कूल की छत से पानी टपकता है। छत की कई टाइल फूट गई हैं। इसके पूर्व 7 अगस्त को स्कूल शुरू होने के दौरान स्लैब का कुछ हिस्सा गिर गया था। विद्यालय की इमारत तकरीबन 130 वर्ष पुरानी बताई जा रही है। यह स्वाभाविक रुप से जीर्ण शीर्ण हो चुकी है।

इस बीच इस संकुल का पंजीयन रद्द कर नयी इमारत के लिए अभिभावकों ने प्रदर्शन भी किया था। कुछ दिन पहले अभिभावकों ने स्कूल को ताला लगाने की चेतावनी दी थी। गुरुवार को छत की टाइल गिर गईं। इसलिए अभिभावकों ने मांग की है कि भवन की समस्या का तुरंत समाधान किया जाए।

भय के माहौल में छात्र

हालाँकि, अभी तक स्कूल भवन का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। छात्र भय के माहौल में पढ़ाई कर रहे हैं। इससे पहले भी इस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया गया था। प्रबंधन की लापरवाही के कारण बड़ी दुर्घटना की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता।

तो स्कूल को जडेंगे ताला

सिंदेवाही स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मिथुन मेश्राम ने कहा कि बार-बार इस बारे में जानकारी दी जाती रही। लेकिन संबंधित विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया। गरीब बच्चों के साथ यह खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सौभाग्य से, अबतक किसी की जान नहीं गई। अगर इमारत का मुद्दा नहीं सुलझा, तो हम स्कूल में ताला लगा देंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com