

Chandrapur Rail Service Improvement Discussion: चंद्रपुर रेलवे प्रवासी सेवा संस्था द्वारा जिले के रेल यात्रियों को हो रही विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए रविवार, 21 जून को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने चंद्रपुर जिले के हजारों रेल यात्रियों की परेशानियों को पूर्व केन्द्रीय गृहराज्यमंत्री हंसराज अहीर के समक्ष विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया।
बैठक में विशेष रूप से चांदाफोर्ट रेल मार्ग पर सवारी ट्रेनें लेट होने से यात्रियों को हो रही असुविधा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। संस्था ने बताया कि लगभग एक घंटे की यात्रा में यात्रियों को कई बार चार - चार घंटे तक का समय लग जाता है, जिससे विद्यार्थियों, महिलाओं, बच्चों, कर्मचारियों, व्यापारियों, रुग्णों एवं आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा मुंबई शहर, कोलकाता एवं पुणे जाने वाली ट्रेनों की उपलब्धता, समय-सारिणी, देरी तथा अन्य रेल सुविधाओं से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। संस्था ने मांग की लोकमान्य तिलक टर्मिनल - बल्लारशाह (द्विसाप्ताहिक) चलने वाली ट्रेन को जल्दी चलाने, चंद्रपुर से चांदाफोर्ट कार्ड लाइन व तीसरी लाइन बनाने का काम अति शीघ्र पूरा करने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा शीघ्र सकारात्मक कदम उठाए जाएं।
सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनने के पश्चात हंसराज अहीर ने चंद्रपुर जिले के रेल यात्रियों की समस्याओं के समाधान हेतु तत्काल पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने आगामी सोमवार को नागपुर मंडल के दोनों रेल प्रबंधक (DRM) की विशेष बैठक आयोजित कर इन मुद्दों पर चर्चा कर समाधान की दिशा में ठोस प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
चंद्रपुर रेलवे प्रवासी सेवा संस्था ने इस पहल के लिए हंसराज अहीर का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि जल्द ही जिले के रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं एवं राहत प्राप्त होगी।