

Chandrapur Water Crisis Protest: चंद्रपुर जिले के राजुरा शहर में पिछले पांच दिनों से अधिक समय से जारी जल संकट से परेशान महिलाओं का आक्रोश गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय पहुंच गया। सिर पर मटके, हाथों में ज्ञापन और नारों के साथ भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में नगर परिषद पर मोर्चा निकाला गया और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पंप हाउस में तकनीकी समस्या तथा कुछ दिनों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के कारण पानी आपूर्ति बंद होने की जानकारी दी गई, लेकिन नागरिकों को वास्तविक स्थिति से अवगत नहीं कराया गया। मोर्चा नगर परिषद कार्यालय पहुंचने पर महिलाओं ने जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि कई दिनों से नलों में पानी नहीं आने से घरेलू जीवन प्रभावित हो गया है, जबकि कर नियमित रूप से लिया जा रहा है। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच पानी की कमी से विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिन क्षेत्रों में सीमित मात्रा में पानी पहुंच रहा है, वहां पानी को गुणवत्ता को लेकर भी शिकायतें हैं। इस दौरान जलापूर्ति अभियंता सुमित खापर्डे के समक्ष महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखीं। साथ ही जनप्रतिनिधियों से किए गए आश्वासनों को पूरा करने की मांग की।
राजुरा शहर नगर परिषद की ओर से प्रशासनिक अधिकारी वानखेड़े ने नागरिकों का ज्ञापन स्वीकार किया और अगले 24 घंटे के भीतर जलापूर्ति व्यवस्था सामान्य करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सागर भटपल्लीवार, विनोद नरेंदूरबार, राजू वाटेकर, प्रदीप बोबडे, मंगेश श्रीराम, आकाश गंधारे, विवेक राठोड, प्रदीप मोरे, गणेश रेकलवार, रवींद्र आत्राम, नितीन सिडाम, रमा आईटलावार, रेश्मा चव्हाण सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष नागरिक उपस्थित रहे।