

Chandrapur Pardhi Community: आवश्यक दस्तावेज नहीं हैं। घुमंतू की जीवनशैली के कारण अनेक परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से पारधी समाज के लोगों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का संकल्प करें, यह आह्वान राज्य के आदिवासी विकास मंत्री तथा चंद्रपुर जिले के पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके ने किया।
पिपरबोड़ी पारधी टोला (चिनोरा, तहसील वरोरा) में आदिवासी विकास विभाग की ओर से आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं पारधी समाज सम्मेलन में वे बोल रहे थे। इस अवसर पर सांसद प्रतिभा धानोरकर, विधायक करण देवतले, जिलाधिकारी वसुमना पंत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना के प्रकल्प अधिकारी विकास राचेलवार, तहसीलदार योगेश कौटकर, गटविकास अधिकारी गजानन मुंडकर, चिनोरा की सरपंच परचाके, धर्मेंद्र शेरकुरे, दिवाकर ननावरे आदि उपस्थित थे।
पालकमंत्री डॉ. उईके ने कहा कि राज्य सरकार ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे राज्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का निर्णय लिया है। इसके माध्यम से प्रशासन नागरिकों तक पहुंचकर उन्हें सरकारी सेवाओं और योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ देगा। चंद्रपुर जिले के 22 पारधी बेड़ों तक सरकारी योजनाएं पहुंचाई जाएंगी। क्रांतिवीर समशेर सिंह पारधी के नाम से पारधी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए पैकेज घोषित करने संबंधी प्रस्ताव मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पारधी बेड़े का सर्वेक्षण कर परिवारों को आवश्यक योजनाओं, उपलब्ध और अनुपलब्ध दस्तावेजों तथा अब तक मिले सरकारी लाभ की जानकारी तत्काल संकलित की जाए। कोई भी पात्र पारधी परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने के निर्देश उन्होंने प्रशासन को दिए। कार्यक्रम का प्रास्ताविक प्रकल्प अधिकारी विकास राचेलवार ने किया। संचालन प्रदीप लोहकरे ने, जबकि आभार जी. बी. सोनवणे ने माना।
विधायक करण देवतले ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना के तहत सरकारी योजनाओं को गांव-गांव और जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके ने पारधी बेड़े का प्रत्यक्ष दौरा कर समाज की समस्याएं जानी हैं। क्षेत्र में कार्यरत बड़ी कंपनियों के सीएसआर फंड से 30 से 35 गांवों में स्वच्छ पेयजल, सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के प्रयास किए जा सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान का लाभ लेने का आह्वान किया।