Chandrapur Municipal Corporation News: चंद्रपुर में तीन वर्षों के प्रशासकीय कार्यकाल के बाद चंद्रपुर शहर महानगरपालिका एक नए अध्याय की ओर बढ़ रही है। मनपा के इतिहास में पहली बार स्थायी समिति सभापति मनस्वी गिर्हे 25 मार्च को नगर निगम का बजट पेश करेंगी। वहीं नवनिर्वाचित नगरसेवकों की पहली आमसभा 27 मार्च को आयोजित की जाएगी।
हाल ही में हुए मनपा चुनाव के बाद भाजपा और शिवसेना (यूबीटी) के बीच गठबंधन कर सत्ता स्थापित की गई है। महापौर पद पर भाजपा की संगीता खांडेकर निर्वाचित हुईं, जबकि उपमहापौर पद के लिए लकी ड्रॉ के जरिए शिवसेना (यूबीटी) के प्रशांत दानव का चयन हुआ।
स्थायी समिति सभापति पद का चुनाव भी बेहद दिलचस्प रहा। सत्ता पक्ष भाजपा-शिवसेना (यूबीटी) और विपक्ष कांग्रेस व सहयोगी दलों के बीच 88-88 सदस्यों की बराबरी होने के कारण लकी ड्रॉ का सहारा लेना पड़ा। इसमें मनस्वी गिर्हे के पक्ष में फैसला हुआ और वे इस पद पर आसीन हुईं। वे चंद्रपुर मनपा की पहली महिला स्थायी समिति सभापति भी हैं।
प्रशासकीय शासन समाप्त होने के बाद यह मनपा का पहला बजट होगा, जिसे एक महिला प्रस्तुत करेंगी। साथ ही, नव-निर्वाचित नगरसेवकों के लिए भी यह पहली बजट सभा और आमसभा का अनुभव रहेगा।
अब शहरवासियों और जनप्रतिनिधियों की नजर इस बजट पर टिकी है कि विकास कार्यों को लेकर कौन-कौन सी नई घोषणाएं की जाती हैं। विशेष रूप से मनपा की आय बढ़ाने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं, यह देखना अहम होगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधायक सुधीर मुनगंटीवार के मार्गदर्शन में गठित इस सत्ता समीकरण का प्रभाव बजट में देखने को मिल सकता है। विकासोन्मुखी योजनाओं और दूरदर्शी प्रस्तावों को इसमें स्थान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।