सिर कटी लाश से शहर में हड़कंप, खौफनाक वारदात से दहला चंद्रपुर; कुछ घंटों में सुलझी गुत्थी

Chandrapur Crime: चंद्रपुर में इंदिरा गांधी चौक के पास मानव सिर और रेलवे पुल के नीचे धड़ मिला। पुलिस ने मृतक की पहचान 70 वर्षीय प्रभास सरकार के रूप में की। मामले की जांच जारी है।
Chandrapur Headless Body Mystery
चंद्रपुर के इंदिरा गांधी चौक में जांच करती पुलिससोर्स: फोटो नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • चंद्रपुर के इंदिरा गांधी चौक के पास मानव सिर और रेलवे पुल के नीचे बिना सिर का धड़ मिला।

  • पुलिस ने मृतक की पहचान बंगाली कैंप निवासी 70 वर्षीय प्रभास सरकार के रूप में की।

  • प्रभास 11 नवंबर से लापता थे, परिजनों ने 13 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

Chandrapur Headless Body Mystery: चंद्रपुर के व्यस्त इंदिरा गांधी चौक के पास मानव सिर और सामने रेलवे पुल के नीचे बिना सिर का धड़ मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में मृतक की पहचान बंगाली कैंप निवासी 70 वर्षीय प्रभास सरकार के रूप में की। वे 11 नवंबर से लापता थे। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

शहर के बीच सिर और धड़ मिलने से हड़कंप

चंद्रपुर शहर के अतिव्यस्त प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी चौक में बुधवार सुबह मानव सिर मिलने और सामने रेलवे पुल के नीचे बिना सिर का धड़ बरामद होने से सनसनी फैल गई। शहर के मध्य भाग में हुई इस खौफनाक घटना से नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया। शुरुआती दौर में मृतक की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी, लेकिन रामनगर पुलिस ने कुछ ही घंटों में मृतक की शिनाख्त कर ली।

मृतक की पहचान बंगाली कैंप निवासी 70 वर्षीय प्रभास सरकार के रूप में हुई है। वह 11 नवंबर से लापता थे और परिजनों ने 13 नवंबर को रामनगर पुलिस थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

Chandrapur Headless Body Mystery
अकोला में पानी के लिए फूटा गुस्सा! महिलाओं ने ZP गेट पर फोड़ीं मटकियां, जलजीवन मिशन में बड़े घोटाले की आशंका

चौक के पास मिला रक्तरंजित सिर

बुधवार सुबह इंदिरा गांधी चौक स्थित पुतले के समीप रक्तरंजित अवस्था में मानव सिर दिखाई दिया। इसकी खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ रामनगर पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

शुरुआत में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह था कि मिला हुआ सिर किसका है और शव का धड़ कहां है। इसके बाद श्वान दल की मदद से आसपास के परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया।

रेलवे पुल के नीचे मिला धड़

तलाशी के दौरान इंदिरा गांधी चौक के सामने रेलवे पुल के नीचे इरोज लॉन के समीप एक पुराने होर्डिंग के पास बिना सिर का धड़ बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में सिर और धड़ एक ही व्यक्ति के होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए दर्ज गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल शुरू की।

Chandrapur Headless Body Mystery
महाराष्ट्र में बवाल: बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने पर घिरीं शाइना ! पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने रखी अपनी बात

कुछ घंटों में हुई मृतक की पहचान

पुलिस जांच में पता चला कि बंगाली कैंप निवासी प्रभास सरकार 11 नवंबर को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने 13 नवंबर को उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उपलब्ध जानकारी और गुमशुदगी के रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान प्रभास सरकार के रूप में की।

मौत की वजह जानने के लिए जांच जारी

रामनगर पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा की टीम घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस 11 नवंबर को घर से निकलने से लेकर शव बरामद होने तक की घटनाओं की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही प्रभास सरकार की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस घटना ने नागरिकों को झकझोर दिया है और अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं।