महाराष्ट्र में बवाल: बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने पर घिरीं शाइना ! पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने रखी अपनी बात

Sonia Gandhi Autobiography Controversy Maharashtra: सोनिया गांधी की किताब के पन्ने फाड़ने और कथित तस्वीर विवाद पर महाराष्ट्र में सियासी बवाल। शिंदे गुट, ठाकरे सेना और कांग्रेस आमने-सामने।
Demand for a ban on Sonia Gandhi’s autobiography; Shinde faction tears out pages from the book
महाराष्ट्र राजनीति सोनिया गांधी किताब विवादसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • सोनिया गांधी की आत्मकथा पर बैन की मांग, शिंदे गुट ने फाड़े किताब के पन्ने।

  • बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के आरोप पर महाराष्ट्र में सियासी घमासान।

  • बीएमसी सदन में हंगामा, ठाकरे सेना समेत विपक्ष का वॉकआउट।

  • शिंदे बोले- बालासाहेब की तस्वीर नहीं, मणिशंकर अय्यर की फोटो फाड़ी गई।

  • शाइना एनसी ने आरोप लगाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

Maharashtra Politics Sonia Gandhi Book Row: कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव' पर शिवसेना (शिंदे गुट) ने बैन लगाने की मांग की है। शिंदे गुट का आरोप है कि इस किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है। शिंदे सेना के नेताओं ने किताब के कुछ पन्ने फाड़ दिए, जिससे सियासी घमासान मच गया है।

कांग्रेस भड़क गई है। इधर किताब के एक पन्ने पर छपी शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़े जाने से ठाकरे सेना ने शिंदे सेना के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाया है। शिंदे गुट ने किताब के पृष्ठ 201 और 443 को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि वीर सावरकर को सर्टिफिकेट देने वाली सोनिया गांधी कौन होती हैं? सोनिया ने इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश की है। शिंदे सेना के नेताओं ने बुधवार को मुंबई में प्रेस वार्ता बुलाई थी।

इसमें शाइना एनसी, संजय निरूपम, आनंद दुबे सहित अन्य नेता मौजूद थे। इस दौरान शाइना ने किताब के कुछ पन्ने फाड़ दिए। शाइना ने कहा कि यदि आप इतिहास को बदलने या उसे छिपाने की कोशिश करेंगी, तो हम ऐसा नहीं होने देंगे। महाराष्ट्र सोनिया गांधी को इसके लिए माफ नहीं करेगा।

क्या आप राष्ट्र-निर्माण के बारे में जानती हैं, और उस बलिदान के बारे में जानती हैं जो आजादी के समय करोड़ों भारतीयों ने दिया था? निरुपम ने कहा कि किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अनादर किया गया है। बावजूद इसके उद्धव ठाकरे ने किताब को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि मणिशंकर अय्यर ने वीर सावरकर का अपमान किया था और उनके खिलाफ कार्रवाई की बात उठी थी। तब बालासाहेब ठाकरे ने अय्यर के खिलाफ प्रदर्शन किया था। क्या उद्धव भी सोनिया के खिलाफ कोई विरोध प्रदर्शन करेंगे?

बीएमसी में भी बवाल

बालासाहेब ठाकरे के कथित अपमान को लेकर बीएमसी की महासभा में जमकर हंगामा हुआ। शाइना के खिलाफ ठाकरे सेना के नगरसेवकों ने सदन में जोरदार नारेबाजी की और सभा स्थगित कर इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की। हालांकि, महापौर रितु तावड़े ने इस मांग को खारिज करते हुए सदन की कार्यवाही जारी रखी। इससे नाराज ठाकरे सेना, मनसे, कांग्रेस और एमआईएम के नगरसेवकों ने सदन से वॉकआउट किया। विपक्षी नगरसेवक महापौर कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए।

Demand for a ban on Sonia Gandhi’s autobiography; Shinde faction tears out pages from the book
मुंबई के प्रभादेवी में 101 निर्माणों पर चलेगा बुलडोजर, 50 साल से रह रहे परिवारों पर बेघर होने का संकट

राज्य भर में विरोध प्रदर्शन

बीएमसी मुख्यालय में महापौर कार्यालय के बाहर ठाकरे सेना के नगरसेवकों ने विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। शाइना को पार्टी से निकालने की मांग की गई। इसके अलावा पुणे में ठाकरे गुट और नाशिक में मनसे कार्यकर्ताओं ने कथित घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में शिवसैनिकों ने विरोध प्रदर्शन किया।

Demand for a ban on Sonia Gandhi’s autobiography; Shinde faction tears out pages from the book
अकोला में पानी के लिए फूटा गुस्सा! महिलाओं ने ZP गेट पर फोड़ीं मटकियां, जलजीवन मिशन में बड़े घोटाले की आशंका

नए बखेड़े में फंसीं शाइना एनसी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अति उत्साह में शाइना एनसी ने बालासाहेब की फोटो फाड़ दी। इससे वह एक नए राजनीतिक बखेड़े में फंस गई हैं। दरअसल किताब के पन्ने फाड़ते समय शाइना ने गलती से बालासाहेब ठाकरे की वह तस्वीर फाड़ दी, जिसमे वे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल मारते दिख रहे थे।

निरुपम की ओर से गलती की ओर इशारा करने के बाद शाइना ने फटी हुई तस्वीर को कागजों के नीचे छिपा दिया। लेकिन इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और बवाल मच गया। इस बीच उपमुख्यमंत्री शिंदे ने उन्हें विधान भवन बुलाकर मामले को समझा।

बालासाहेब की फोटो नहीं, बल्कि मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी गई थी। इससे बालासाहेब का अपमान नहीं हुआ है। बालासाहेब हमारे भगवान हैं और कोई शिवसैनिक उनका अपमान नहीं कर सकता। लोगों ने ठाकरे गुट को रिजेक्ट कर दिया है। इसलिए झूठे आरोप लगाकर हमें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। फोटो पर पॉलिटिक्स करने के बजाय उन्हें किसानों की मदद करने पर फोकस करना चाहिए, यह पब्लिक है और सब जानती है।

एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री

सोनिया गांधी की पुस्तक फाड़ना गद्दार सेना की बौद्धिक दिवालियापन का प्रतीक है। सूरज पर थूकने से थूक वापस उन्हीं पर गिरता है। शिंदे सेना की '50 खोके, एकदम ओके' वाली विकृत मानसिकता से सभ्यता और संस्कृति की अपेक्षा ही क्या की जा सकती है?

हर्षवर्धन सपकाल, प्रदेश अध्यक्ष- कांग्रेस

जिन्हें अपना इतिहास-भूगोल ही नहीं पता, उस शिंदे सेना का सोनिया गांधी के जीवन सफर पर बोलना हास्यास्पद है। इस कृत्य में आगे रहने वाले सभी लोग सत्ता के करीब रहने के लिए कई पार्टियां बदल चुके हैं।

बालासाहेब थोरात, नेता कांग्रेस

शाइना कई राजनीतिक दलों में आती-जाती रही है और जहां सत्ता होती है, वहीं पहुंच जाती है। सत्ता पक्ष का बालासाहेब के प्रति प्रेम केवल दिखावा है। यदि वास्तव में उनका सम्मान किया जाता है तो इस गंभीर मुद्दे पर सदन में चर्चा कराने से परहेज क्यों किया जा रहा है?

किशोरी पेडणेकर, नेता प्रतिपक्ष- बीएमसी

बालासाहेब का घोर अपमान किया गया है। बालासाहेब का अपमान करने वालों को सरेआम कोड़े मारे जाने चाहिए। इनके पास न तो कोई विचारधारा है और न ही कोई नैतिकता। न कोई नेता है और न ही कोई वफादारी। अमित शाह की 'शिंदे सेना' के लोग शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ रहे हैं। ये सब तो किराए के लोग हैं।

संजय राऊत, सांसद शिवसेना (यूबीटी)

किताब के पन्ने फाड़कर इतिहास और सत्य को कभी मिटाया नहीं जा सकता। जिस देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, बोलने और लिखने की आजादी है, वहां पुस्तक की प्रतियां फाड़ना मूर्खता की पराकाष्ठा है। यदि पुस्तक में प्रस्तुत तथ्यों से आप सहमत नहीं हैं, तो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करें और उसके जवाब में अपनी पुस्तक लिखें।

विजय वडेट्टीवार, विधायक कांग्रेस

वह तस्वीर कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की थी। ठाकरे सेना इस घटना को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है, ताकि एक झूठी कहानी गढ़ी जा सके। मुझे दिखाएं कि मैंने बालासाहेब की तस्वीर कहां फाड़ी है या उनका अपमान कहां किया है? किसी घटना को जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर पेश करना और गलत नैरेटिव बनाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो कोई भी मेरे खिलाफ मानहानि पूर्ण बातें फैलाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शाइना एनसी, नेता शिंदे गुट