

Chandrapur Student Death: चंद्रपुर जिले के सावली स्थित प्रसिध्द रमाबाई आंबेडकर विद्यालय में कक्षा 10वी में पढ़ रहे छात्र नैतिक विठ्ठल शेडमाके (15) के गोसेखुर्द नहर के तेज बहाव में बह जाने की घटना मंगलवार को सामने आयी। सोमवार शाम बह गए नैतिक का शव घटनास्थल से करीब 10 किमी दूरी पर नहर में ही अटका मिलने से परिसर में मातम पसर गया है। मुल तालुका के भवराला गांव के पास मंगलवार देर शाम नैतिक का शव अटका हुआ मिलने की जानकारी पुलिस सूत्रों ने दी।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सावली के प्रभाग क्र। 12 निवासी नैतिक अपने अन्य दो मित्रों के साथ सोमवार शाम से गोसेखुर्द नहर पर नहाने के लिए गया था। नहाते समय अचानक पानी का तेज
बहाव आया। इसका अंदाजा न लगा पाने के कारण नैतिक इस तेज बहाव में बह गया। नैतिक को बहते देख वहां मौजूद उसके दोस्त घबरा गए और भयवश वहां से भाग गए। डर के मारे में दोस्तों ने इस घटना की सूचना किसी को भी साझा नहीं की।
सोमवार को शाम होने पर भी जब नैतिक घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने सभी तरफ खोजबीन की। परंतु उसका कोई पता नहीं चला। अंततः संदेह होने पर परिजनों ने नैतिक के दोस्तों से जाकर पूछताछ की। उस समय सहमे दोस्तों ने नहर पर हुआ पूरा वाकया बयान किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सावली पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने तत्काल मौके पर दस्तक दी। पुलिस ने हालात का जायजा लिया। स्थानीय बचाव दल व आपदा प्रबंधन की टीम के सहयोग से गोसेखुर्द नहर में खोज मुहिम तेज गति से चलाई गई।
नहर में पानी का बड़ा बहाव होने से खोज कार्य में बाधाएं आती रही। सावली पुलिस ने बताया कि बावजूद इसके वे लगातार प्रयास कर रहे थे। इस बीच मंगलवार शाम करीब 6 बजे के दौरान घटनास्थल से करीब 10 किमी दूरी पर मूल तालुका के भवराला गांव के पास नैतिक का शव नहर में अटका हुआ पाया गया। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच रही थी। खबर लिखे जाने तक शव को निकाल कर उत्तरीय जांच हेतु भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। इस घटना की जानकारी जैसे ही सावली में पहुंची वैसे वहां मातम का माहौल बन गया। कक्षा दसवी में पा रहे नैतिक की इस तरह से हादसे में असयम मौत होने से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पडा है।