

Highlights:
चंद्रपुर जिले के कोरपना तहसील स्थित गाडेगांव में दिवाली की रात तेज आवाज में पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद हुआ।
दूसरी जगह पटाखे फोड़ने का अनुरोध करने पर भारत बबन चौधरी और उनके परिजनों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।
गडचांदूर पुलिस ने संतोष पाचभाई, मनीष आवारी समेत नौ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
Chandrapur Assault Case: दिवाली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद मारपीट और जान से मारने की कथित धमकी तक पहुंच गया। कोरपना तहसील के गाडेगांव में पटाखों के तेज शोर से परेशानी होने पर उन्हें दूसरी जगह फोड़ने की विनती करना पुनर्वास समिति के अध्यक्ष और उनके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी बात पर नौ लोगों ने भारत चौधरी और उनके परिजनों के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में गडचांदूर पुलिस ने 9 नवंबर 2026 को नौ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पटाखों के शोर पर शुरू हुआ विवाद, भारत बबन चौधरी (35), निवासी गाडेगांव, पिछले तीन महीनों से गांव की पुनर्वास समिति के अध्यक्ष हैं। वे गांव की विभिन्न समस्याएं पैनगंगा माइन्स, गाडेगांव प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि समिति के अध्यक्ष के रूप में उनकी भूमिका से गांव के कुछ लोग नाराज थे।
28 सितंबर को भी धनराज राजुरकर और सुरेश पाचभाई के साथ उनका विवाद हुआ था।इसी बीच 8 नवंबर की रात करीब 10.15 बजे भारत चौधरी अपने पिता बबन, भाई अरुण और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर पर थे। इसी दौरान घर के पास जिला परिषद स्कूल के समीप मनीष आवारी, संतोष पाचभाई, सुमित राजुरकर और नैतिक राजुरकर तेज आवाज वाले पटाखे फोड़ रहे थे। शोर से परेशानी होने पर भारत चौधरी ने पटाखे नहीं फोड़ने और दूसरी जगह जाने का अनुरोध किया।
भारत चौधरी की मौखिक शिकायत के आधार पर गडचांदूर पुलिस ने संतोष पाचभाई, मनीष आवारी, सुरेश पाचभाई, धनराज राजुरकर, सुमित राजुरकर, सूरज पाचभाई, अनिल काले, नैतिक राजुरकर और गणराज राजुरकर के खिलाफ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के आरोप में मामला दर्ज किया है।
शिकायत के मुताबिक, इस अनुरोध पर संतोष पाचभाई और मनीष आवारी ने कथित तौर पर विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। शोर सुनकर सुरेश पाचभाई, धनराज राजुरकर, सूरज पाचभाई, अनिल काले और गणराज राजुरकर भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर भारत चौधरी के साथ मारपीट की।