

Highlights:
चंद्रपुर जिले में चिह्नित 502 तालाबों के आसपास उपलब्ध उपयुक्त जमीन पर चारा खेती की जाएगी।
सरकारी योजनाओं के माध्यम से कुल 4,708 लाभार्थियों को लाभ पहुंचाकर 3,57,339 मीट्रिक टन चारा उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वीबी-जी राम-जी योजना के तहत महिला बचत समूहों की भागीदारी से चारा उत्पादन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिलेगा।
Chandrapur Fodder Production Plan: इस वर्ष उत्पन्न सूखे की स्थिति को देखते हुए आगामी दिनों में पशुधन के लिए चारे की किल्लत न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने व्यापक उपाययोजना शुरू की है। इसके तहत जिले के 502 तालाबों के आसपास उपलब्ध और खेती के लिए उपयुक्त जमीन पर चारा उत्पादन की योजना बनाई गई है।
साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से 4,708 लाभार्थियों को चारा बीज उपलब्ध कराकर करीब 3 लाख 57 हजार मीट्रिक टन चारा उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन का जोर केवल चारा उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उपलब्ध चारे के संरक्षण, भंडारण और उचित प्रबंधन पर भी रहेगा।
जिले में चारा उत्पादन के लिए कुल 502 तालाबों के स्थान चिह्नित किए गए हैं। इन तालाबों के आसपास उपलब्ध उपयुक्त जमीन पर विकसित भारत ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जी राम-जी) योजना के माध्यम से महिला बचत समूहों की भागीदारी से चारा खेती की जाएगी। इस पहल का दोहरा उद्देश्य है। एक ओर पशुधन के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करना और दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों की महिला बचत समूहों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना।
पशुसंवर्धन विभाग की ओर से चारा उत्पादन बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की जा रही हैं। जिला वार्षिक योजना के तहत 2,633 लाभार्थियों को 17,114 किलो चारा बीज वितरित करने की योजना है। इससे 1 लाख 68 हजार 510 मीट्रिक टन चारा उत्पादन अपेक्षित है।
वहीं, विदर्भ-मराठवाड़ा दुग्ध विकास परियोजना के अंतर्गत 2,072 लाभार्थियों को 27,877 किलो चारा बीज वितरित किए गए हैं। इसके माध्यम से 1 लाख 88 हजार 829 मीट्रिक टन चारा उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। दोनों योजनाओं के तहत कुल 4,708 लाभार्थियों को लाभ पहुंचाकर 3 लाख 57 हजार 339 मीट्रिक टन चारा उत्पादन की योजना है।
मृद एवं जलसंधारण विभाग ने पहले चरण में जिले की तीन तहसीलों के पांच तालाबों का प्रायोगिक आधार पर चयन किया है। इनमें चंद्रपुर तहसील के साखरवाही और वायगांव, ब्रह्मपुरी तहसील के आवलगांव तथा भद्रावती तहसील के आष्टी और काटवल तुकूम के तालाब शामिल हैं।
इन स्थानों पर पंचायत विभाग, मृद एवं जलसंधारण विभाग, कृषि विभाग, पशुसंवर्धन विभाग, महाराष्ट्र राज्य ग्रामीण आजीविका अभियान और रोजगार गारंटी योजना विभाग के संयुक्त सहयोग से चारा खेती की जाएगी।
पशुसंवर्धन विभाग की ओर से जिलेभर में 'चारा साक्षरता अभियान' चलाया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 8 अक्टूबर को भद्रावती तहसील से की गई। इसके तहत कम पानी में चारा उत्पादन, एजोला की खेती, कम पौष्टिकता वाले चारे पर यूरिया और एंजाइम प्रक्रिया कर उसकी गुणवत्ता बढ़ाने, साइलेज निर्माण तथा हाइड्रोपोनिक चारा उत्पादन जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
किसानों और पशुपालकों को प्रशिक्षण, प्रात्यक्षिक और मार्गदर्शन के माध्यम से इन तकनीकों से परिचित कराया जा रहा है। आत्मा विभाग की ओर से 2 लाख 40 हजार रुपए खर्च कर कम पौष्टिकता वाले चारे को पौष्टिक बनाने के संबंध में 120 प्रात्यक्षिक आयोजित करने की योजना है।