'मैंने पिता को मार डाला', चंद्रपुर में शराबी पिता की गाली-गलौज से तंग आकर बेटे ने रस्सी से घोंटा गला

Chandrapur Crime News: चंद्रपुर के भिसी में दिल दहला देने वाली वारदात। शराब के नशे में गाली-गलौज करने वाले पिता से तंग आकर 19 वर्षीय बेटे ने नायलॉन की रस्सी से उनकी हत्या कर दी।
Chandrapur Crime News Son Killed Alcoholic Father Bhisi Chimur
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chimur Bhisi Murder Case: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के चिमूर तालुका के अंतर्गत आने वाले भिसी गांव में एक युवक ने अपने ही पिता की निर्मम हत्या कर दी। पिता की शराब की लत और आए दिन होने वाली गाली-गलौज से परेशान होकर छोटे बेटे ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

गाली-गलौज और विवाद बना मौत का कारण

मृतक की पहचान 51 वर्षीय मच्छिंद्र आनंदराव मेश्राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मच्छिंद्र को शराब की भीषण लत थी। वह अक्सर नशे में धुत होकर अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ मारपीट और गंदी गालियां दिया करता था। 22 फरवरी की रात, जब पूरा मोहल्ला एक सगाई समारोह के जश्न में डूबा था, मच्छिंद्र के घर में मौत का तांडव रचा जा रहा था।

सगाई समारोह के बाद भड़का गुस्सा

मृतक का 19 वर्षीय छोटा बेटा संदेश मेश्राम उस रात पड़ोस में आयोजित सगाई के कार्यक्रम में खाना परोसने गया था। काम खत्म कर जब वह घर लौटा, तो उसके पिता घर पर नहीं थे। रात करीब 11 बजे मच्छिंद्र नशे में धुत होकर घर लौटा। संदेश ने उससे खाना खाने का आग्रह किया, लेकिन मच्छिंद्र और शराब पीने की जिद करने लगा। जब बेटे ने उसे रोकने की कोशिश की, तो पिता ने हमेशा की तरह गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। समारोह के शोर और पिता की रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर संदेश का आपा खो गया। उसने घर में रखी नायलॉन की रस्सी उठाई और पिता का गला घोंट दिया। नशे में होने के कारण मच्छिंद्र बचाव नहीं कर पाया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

भाई को फोन कर कबूला गुनाह

हत्या के बाद घबराए संदेश ने सिंदेवाही में रहने वाले अपने बड़े भाई पंचशील मेश्राम को फोन किया और कहा कि "मैंने पिता को मार डाला है।" खबर मिलते ही पंचशील गांव पहुंचा, जहां संदेश ने रोते हुए पिता की प्रताड़ना की पूरी कहानी सुनाई। इसके बाद बड़े भाई ने तुरंत चंद्रपुर जिले की भिसी पुलिस को सूचना दी।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

शुरुआत में आरोपी संदेश ने पुलिस को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि उसके पिता ने आत्महत्या की है। लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और शव का मुआयना किया, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। भिसी पुलिस के थानेदार मंगेश भोंगाडे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com