'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' का नारा पहुंचा चंद्रपुर; NEET की कोर्ट की निगरानी में जांच की कांग्रेस की मांग

NEET Exam Leak: चंद्रपुर कांग्रेस ने भर्ती परीक्षाओं में बढ़ते पेपर‑लीक पर केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे और अदालत‑निगरानी में न्यायिक जांच की मांग की है। प्रभावित छात्रों के लिए मुआवजे का आग्रह किया।
Dharmendra Pradhan Resignation Demand In Chandrapur
चंद्रपुर कांग्रेस प्रेस कांफ्रेंस (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Dharmendra Pradhan Resignation Demand In Chandrapur: चंद्रपुर जिला कांग्रेस ने देश भर में प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक, गड़बड़ी, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही के कारण लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में होने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की है।

यहां आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपरोक्त आरोप लगाते हुए कांग्रेस सांसद प्रतिभा धानोरकर एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष धोटे ने कहा कि नीट (NEET), रेलवे, शिक्षक, पुलिस, सेना भर्ती के साथ-साथ विभिन्न राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में हुए घोटालों के कारण छात्रों को भारी शैक्षणिक, आर्थिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ा है। लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और घोटालों से देश के छात्रों का भविष्य गहरे संकट में घिर गया है।

उन्होंने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नीट परीक्षा में हुई अव्यवस्था और पुनर्परीक्षा के भारी तनाव के कारण देश भर के विभिन्न राज्यों में 14 से अधिक विद्यार्थियों ने आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया है। इसके साथ ही, प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब नामक विद्यार्थी का परीक्षा केंद्र तकनीकी त्रुटि के कारण नीट पुनर्परीक्षा के लिए सीधे यूएई के अबू धाबी में दे दिया गया।

वहीं, चंद्रपुर जिले के ग्राम लाठी की वैष्णवी सुरेश लोखंडे नामक छात्रा पुनर्परीक्षा का प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) समय पर न मिलने से परीक्षा से वंचित रह गई, जिसके कारण वह वर्तमान में तीव्र मानसिक तनाव से ग्रसित है। इन गंभीर घटनाओं ने देश की परीक्षा प्रणाली की बुनियादी खामियों को पूरी तरह उजागर कर दिया है। उन्होंने बताया कि जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (सीडीसीसी) में आयोजित 'छात्रों की गूंज सम्मेलन' में जिले के कई विद्यार्थियों ने आकर अपने सवाल, दर्द और शिकायतें दर्ज कराई हैं।

दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि नीट परीक्षा घोटाले की जांच के दौरान अलग-अलग राज्यों के कई रसूखदार लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। इसके साथ ही, एमपीएससी (MPSC) परीक्षा के परिणामों में भी क्षेत्रीय असंतुलन को लेकर विद्यार्थियों के मन में गहरा संदेह पैदा हुआ है। उन्होंने प्रमुखता से मांग की कि नीट समेत सभी परीक्षा घोटालों की जांच बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के अदालत की निगरानी में कराई जानी चाहिए।

इसके नैतिक आधार पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही, इस मामले में संलिप्त सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए इस मुकदमे को फास्ट-ट्रैक कोर्ट (त्वरित न्यायालय) में चलाया जाना चाहिए।

प्रभावित विद्यार्थियों को मिले आर्थिक मुआवजा

उन्होंने मांग की कि राष्ट्रीय स्तर पर एक पूर्णतः स्वतंत्र और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली (एग्जामिनेशन सिस्टम) का गठन किया जाए और प्रभावित विद्यार्थियों को आवश्यक प्रशासनिक मदद तथा आर्थिक मुआवजा दिया जाए। चंद्रपुर कांग्रेस ने सरकार को सख्त चेतावनी दी है कि देश के विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य के साथ किसी को भी खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। यदि केंद्र और राज्य सरकारें इस दिशा में तुरंत कोई ठोस कदम नहीं उठाती हैं, तो कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों और युवाओं को साथ लेकर लोकतांत्रिक तरीके से एक व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।

इस अवसर पर जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिवराव पोलशेट्टी, प्रदेश सचिव रोशनलाल बिड्डू, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष शांतनु धोटे, राजेश अडूर, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शपक शेख, विनायक बांगड़े, सुभाषसिंह गौर, विनोद दत्तात्रेय, महिला जिला अध्यक्ष कुंदा जेनेकर, महिला शहर जिला अध्यक्ष चंदा वैरागड़े, अरुण धोटे, प्रमोद बोरिकर, मनीषा तिवारी, नरेश मुंदड़ा, रामकृष्ण कोंड्रा, यश दत्तात्रेय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com