अमृत 2.0 योजना में गड़बड़ी करना ठेकेदार को पड़ा भारी, चंद्रपुर मनपा ने लगाया 20 लाख का जुर्माना

Chandrapur News: चंद्रपुर मनपा ने अमृत-2 जलापूर्ति योजना में देरी और लापरवाही पर ठेकेदार लक्ष्मी सिविल इंजीनियरिंग सर्विसेज पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
chandrapur-amrut-2-project-laxmi-civil-fine
चंद्रपुर मनपा (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chandrapur Amrut-2.0 Project: चंद्रपुर मनपा क्षेत्र में हर घर तक भरपूर पानी पहुंचाने की केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'अमृत-2' के काम में बड़े पैमाने पर अनियमितता और लापरवाही बरतने पर मनपा प्रशासन ने ठेकेदार लक्ष्मी सिविल इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड पर लगभग 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

चंद्रपुर शहर के हर घर तक पर्याप्त पेयजल पहुंचाने की केंद्र सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना अमृत जलापूर्ति योजना का काम चल रहा है। अमृत-1 योजना का काम पूरा होने के बाद भी अधिकांश इलाकों में काम नहीं हो पाया था। इसलिए राज्य और केंद्र सरकार के समन्वय से अमृत-2 योजना शुरू की गई है।

लगभग 270 करोड़ रुपये की लागत से अमृत 2 योजना का काम चल रहा है। काम 2024 से शुरू किया गया था। फरवरी 2026 तक काम पूरा होना है। लक्ष्मी सिविल इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड कंपनी के पास काम का ठेका है।

काम की गति बढ़ाने बार-बार दिया रिमाइंडर

सूत्रों ने बताया कि डेढ़ साल में अपेक्षित काम नहीं हुआ है। चंद्रपुर नगर निगम प्रशासन की ओर से ठेकेदार कंपनी को काम की गति बढ़ाने के बार-बार निर्देश और रिमाइंडर देने के बावजूद काम की गति नहीं बढ़ी।

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

आरोप है कि कंपनी के स्थानीय अधिकारी इसे नजरअंदाज कर रहे हैं।इस वजह से डेढ़ साल में 30 फीसदी काम भी नहीं हो पाया है। कई इलाकों में जलापूर्ति योजना के लिए सड़कें खोदी जा रही हैं। समय पर उनकी मरम्मत नहीं हो रही है। इस वजह से नगर निगम प्रशासन को नागरिकों का गुस्सा झेलना पड़ रहा है।

काम में लापरवाही को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने लक्ष्मी सिविल इंजीनियरिंग सर्विसेज पर करीब 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इस संबंध में 29 सितंबर को आदेश जारी किया गया। जुर्माने की राशि बिल से काट ली जाएगी।

नगर निगम प्रशासन ने कहा कि इतना बड़ा जुर्माना लगाने के बावजूद ठेकेदार कंपनी ने पिछले दस दिनों में काम में कोई सुधार नहीं किया है। यदि यही स्थिति रही तो नगर निगम प्रशासन आने वाले दिनों में और सख्त कार्रवाई करने को तैयार है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com