

Maharashtra Mining News: चंद्रपुर 'लोहारडोंगरी' खनन परियोजना के विरोध में इको-प्रो संस्था के अध्यक्ष बंडू धोतरे का जिलाधिकारी कार्यालय के सामने चल रहा आमरण अनशन सोमवार को सातवें दिन में प्रवेश कर गया। शासन और प्रशासन का ध्यान वन्यजीव संरक्षण की ओर आकर्षित करने के लिए आंदोलनकारियों ने इस दौरान चेहरे पर कालिख लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
बताया गया कि स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण बंडू धोतरे को पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन सोमवार रात उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई। इसके बाद उन्होंने फिर से अनशन मंडप में लौटकर अपना आंदोलन जारी रखा।
इस विरोध प्रदर्शन में संतोष कुचनकर, धर्मेंद्र लुणावत, योगेश दुधपचारे, आकाश घोडमारे, अब्दुल जावेद, अमित कुमरे, प्रमोद मलिक, विनोद थेरे, बंडू दुधे, बिमल शाह, राजू काहीलकर, राजू हाडगे, सचिन धोतरे, चित्राक्ष धोतरे, अजय नेताम, गौरव कुशमवार और किशोर जामदार सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
आंदोलन को स्थानकवासी जैन समाज, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, जेसीआई चंद्रपुर, अखिल भारतीय जनवादी महिला संगठन, हैबिटेट कंजरवेशन सोसायटी, ज्येष्ठ नागरिक संघ, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर नेशनल एसोसिएशन ऑफ इंजीनियर्स (चंद्रपुर), राज्य सरकारी गट-डी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मध्यवर्ती महासंघ महाराष्ट्र तथा गुरुकुल शिक्षा संस्था सहित कई संगठनों ने समर्थन दिया है।