अकोला: घरेलू गैस का पर्याप्त भंडार, पर कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत; युद्ध की अफवाहों के बीच वितरण नियम बदले

Akola LPG News: ईरान-इजराइल युद्ध के बीच अकोला में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक है, लेकिन व्यावसायिक सिलेंडर की 90% कमी से होटल उद्योग प्रभावित है। बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया गया है।
While domestic LPG stock is stable in Akola, commercial gas supply has dropped by 90% due to global tensions. New booking intervals aim to curb black marketing.
योगेश अग्रवाल (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maharashtra Commercial Gas News: ईरान-अमेरिका इजराइल युद्ध के चलते इंधन (घरेलू गैस) आपूर्ति ठप्प होने की आशंका से गैस कनेक्शन धारकों में चिंता का माहौल है। हालांकि जिला आपूर्ति अधिकारी और गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और वितरण सुचारु रूप से जारी है। केवल बुकिंग अवधि 25 से 30 दिन कर दी गई है, जिससे अब महीने में एक ही सिलेंडर मिलेगा।

इससे अवैध उपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगने की उम्मीद है। दूसरी ओर व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कमी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। होटलों, भोजनालयों, रेस्टोरेंटों और छोटे व्यवसायी इस कारण परेशान हैं। अफवाहें फैल रही हैं कि युद्ध के कारण इंधन आपूर्ति बंद हो जाएगी, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है।

भारत गैस सर्विस और अकोला गैस एजेंसी सहित अन्य एजेंसियाँ ग्राहकों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं। बुकिंग के बाद उसी दिन या दो से तीन दिन में सिलेंडर घर पहुँच रहा है। वर्तमान में गैस सिलेंडर के दाम प्रति सिलेंडर 60 रुपये और बढ़ गए हैं जो कि बढकर 933 रुपये हो गए हैं। जिनके पास दो सिलेंडर हैं, उन्हें 30 दिन बाद दूसरा सिलेंडर मिलेगा, जबकि एक गैस सिलेंडर धारकों को 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति है। कई ग्राहक पहले सिलेंडर बुक करने के कुछ दिनों बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक करने की कोशिश करते हैं, जिससे उन्हें सिलेंडर नहीं मिलता और कमी की अफवाह फैलती है।

घरेलू रसोई गैस और ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद

जिला पूर्ति अधिकारी रविंद्र यन्नावार ने कहा कि घरेलू गैस और इंधन का पर्याप्त भंडार है, नागरिकों को चिता करने की आवश्यकता नहीं है। भारत गैस सर्विस के सचिन भगत ने बताया कि ग्राहकों को उसी दिन या अगले दिन सिलेंडर मिल रहा है, केवल बुकिंग का अंतराल 25 से 30 दिन रखा गया है। अकोला गैस एजेंसी के सचिन जाधव ने कहा कि घरेलू सिलेंडर की कोई समस्या नहीं है, लेकिन व्यावसायिक सिलेंडर की मांग के मुकाबले केवल 10 प्रतिशत आपूर्ति हो रही है, जिससे कमी बनी हुई है।

कमी से होटल व्यवसाय हो रहा है प्रभावित

इस बारे में अकोला जिला होटल एसो के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने कहा कि फिलहाल व्यवसायी गैस सिलेंडरों का वितरण बहुत ही कम हो रहा है। जिसके कारण होटल व्यवसाय अब प्रभावित होने लगा है। केंद्र सरकार का काम है कि वह व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की समुचित पूर्ति करवाए जिससे ठीक ढंग से होटल व्यवसाय चल सके। इस ओर ध्यान दिया जाना जरूरी है।

व्यावसायिक सिलेंडर वितरण हुआ ठप्प

केंद्र से व्यावसायिक गैस का वितरण न होने के कारण होटलों के संचालक और उद्योजक बड़ी मुश्किल में हैं। व्यावसायिक ग्राहकों ने सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।

वर्तमान स्थिति में व्यावसायिक गैस की कमी के चलते कुछ लोग घरेलू सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में करने की कोशिश कर सकते हैं, जिससे अवैध उपयोग की संभावना बढ़ रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ से बचें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com