बल्लारपुर में कांग्रेस लाएगी बदलाव, कांग्रेस नेता वडेट्टीवार ने आयोजित जनसभा को किया संबोधित

Vijay Wadettiwar: बल्लारपुर नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस बदलाव का भरोसा जता रही है। विधायक विजय वडेट्टीवार ने जनसभा में कहा कि मतदाता प्रशासक राज को समाप्त कर कांग्रेस को मौका दे।
बल्लारपुर में कांग्रेस लाएगी बदलाव
बल्लारपुर में कांग्रेस लाएगी बदलाव (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ballarpur Municipal Election: विधानसभा में कांग्रेस के गुट नेता एवं विधायक विजय वडेट्टीवार ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर परिषद चुनाव में इस बार कांग्रेस निश्चित रूप से बदलाव लाएगी और नगर परिषद पर अपना विजय पताका लहराएगी। कांग्रेस प्रत्याशियों के प्रचार के लिए आयोजित महात्मा गांधी चौक स्थित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।

उन्होंने कहा कि राज्य में महायुति के घटक दलों में सत्ता को लेकर घमासान जारी है। एक-दूसरे के बीच मनमुटाव होने के बावजूद ये दल स्थानीय निकायों पर कब्जा करने के लिए प्रयासरत हैं और धनबल के सहारे मतदाताओं को लुभा रहे हैं। वडेट्टीवार ने कहा कि बल्लारपुर शहर का इतिहास सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक व धार्मिक दृष्टि से समृद्ध रहा है। ऐसे में मतदाताओं को उन ताकतों से सावधान रहने की आवश्यकता है, जो इस उज्ज्वल परंपरा में दरार डालना चाहती हैं।

बल्लारपुर नगर परिषद चुनाव

बल्लारपुर नगर परिषद चुनाव में नगराध्यक्ष पद की कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अलका अनिल वाढई तथा सदस्य पद के 32 कांग्रेसी प्रत्याशियों के समर्थन में यह सभा आयोजित की गई थी। इस अवसर पर सांसद प्रतिभा धानोरकर, पूर्व विधायक जैनुद्दीन झवेरी, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष संतोषसिंह रावत, जिला बैंक के संचालक डॉ. अनिल वाढई, नप के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. सुनील कुलदीवार, नंदू नागरकर, प्रवीण पडवेकर, लालकृष्ण बल्की, भरत थुलकर, भास्कर माकोड़े, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र आर्य, पूर्व अध्यक्ष अब्दुल करीम तथा सभी प्रत्याशी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व शहर अध्यक्ष अब्दुल करीम ने एवं धन्यवाद ज्ञापन नरेश मूंदड़ा ने किया।

4 वर्ष से प्रशासक राज

सभा में सांसद प्रतिभा धानोरकर ने भी कहा कि इस बार कांग्रेस बल्लारपुर में सत्ता में वापसी करेगी। शहर में पिछले चार वर्षों से प्रशासक राज चल रहा है, जो जंगलराज से कम नहीं। इसे समाप्त करने का सुनहरा मौका मतदाताओं के पास है।

सभी प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान

वडेट्टीवार ने कहा कि कांग्रेस एक बड़ी और सर्वसमावेशी विचारधारा वाली पार्टी है, जबकि सत्ताधारी पार्टी चुनाव धनबल के सहारे जीतने की कोशिश कर रही है। इस क्षेत्र के विधायकों का 31 वर्ष का राजनीतिक कार्यकाल हो चुका है, किंतु आज वे अपनी ही पार्टी में प्रभावहीन हो गए हैं। सभा में कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों को विजयी बनाने का आह्वान किया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com