Chandrapur News: पिकअप चालक ने नशे में मचाया कोहराम, कई वाहनों को मारी टक्कर, बल्लारपुर में एक की मौत; 4 घायल

Drunk-Driving Accident: बल्लारपुर में शराब के नशे में तेज रफ्तार पिकअप चालक ने कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और चार लोग घायल हुए हैं।
ballarpur accident drunk pickup driver one dead four injured
बल्लारपुर सड़क हादसा(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chandrapur Road Accident: शराब के नशे में तेज रफ्तार पिकअप चला रहे चालक ने बुधवार रात बल्लारपुर में एक के बाद एक कई लोगों को टक्कर मार दी। इस सीरियल हादसे में मेडिकल व्यवसायी अरशद मुबारक खान (48) की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद फरार हो रहे पिकअप ने दहेली गांव के पास एक ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक की डीजल टंकी फट गई और बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर फैल गया।

घटना बुधवार रात करीब 9.30 बजे की है। बताया गया है कि पिकअप क्रमांक एमएच -32 क्यू 2595 का चालक बालाजी लक्ष्मण कोंडे (निवासी शेणगांव, तहसील जीवती) शराब के नशे में वाहन चला रहा था। उसने गुरुनानक कॉलेज के पास स्कूटी क्रमांक एमएच-34 सीजी-7786 को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार अरशद खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

ballarpur accident drunk pickup driver one dead four injured
Yavatmal News: FDA के निशाने पर अब यवतमाल के बोगस डॉक्टर, जांच के दिए निर्देश

एक के बाद एक कई लोगों को मारी टक्कर

अर्शद खान को टक्कर मारने के बाद चालक ने पिकअप नहीं रोकी और तेज गति से आगे बढ़ता रहा। बामणी से पहले उसने एक पशु को टक्कर मारी। इसके बाद बामणी में आदित्य लक्ष्मण मृतुमोरी, रमेश मोहन मुंडेवाली (35) और प्रवीण संतोष ढंगर (31), तीनों निवासी बल्लारपुर, की दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका। आगे प्रमोद गुरुदास निब्रड (27, निवासी बामणी) को भी पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। आखिरकार दहेली गांव के पास पिकअप ने ओडी-16 के 9199 क्रमांक के ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक की डीजल टंकी फट गई और बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर फैल गया। इस दुर्घटना में पिकअप चालक बालाजी कोंडे भी घायल हो गया।

पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

घटना की जानकारी मिलते ही बल्लारपुर पुलिस मौके पर पहुंची। दहेली में अग्निशमन दल को भी बुलाया गया। अग्निशमन कर्मियों ने पानी का छिड़काव कर सड़क पर फैले डीजल को साफ किया। इससे संभावित आग और बड़ी दुर्घटना का खतरा टल गया। सभी घायलों को पहले ग्रामीण अस्पताल, बल्लारपुर में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल, चंद्रपुर रेफर किया गया। मृतक अर्शद मुबारक खान के शव को पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल, बल्लारपुर भेजा गया। इस सनसनीखेज सीरियल हादसे से बल्लारपुर क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। शराब के नशे में वाहन चलाकर कई लोगों की जान खतरे में डालने वाले चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। मामले की आगे की जांच बल्लारपुर पुलिस कर रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com