चंद्रपुर जिले ने पेश की मिसाल, सत्र 2026-27 में 94 हजार से अधिक छात्रों को समय पर बांटे स्कूल यूनिफॉर्म

Chandrapur School News: चंद्रपुर में समग्र शिक्षा अभियान के तहत कक्षा 1 से 8 तक के सभी 94,011 पात्र विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म का वितरण समय पर पूरा कर लिया गया है। कोई भी छात्र वंचित नहीं है।
Chandrapur School Uniform Distribution
चंद्रपुर स्टूडेंट्स प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Chandrapur School Uniform Distribution: समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राज्य के कुछ जिलों में स्कूल यूनिफॉर्म वितरण में देरी की चर्चा के बीच चंद्रपुर जिले ने समय पर वितरण पूरा कर मिसाल पेश की है। जिले के सरकारी तथा स्थानीय स्वशासी संस्थाओं के विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के सभी 94,011 पात्र विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म वितरित कर दी गई है। जिले में एक भी विद्यार्थी यूनिफॉर्म से वंचित नहीं है। शालेय गणवेश योजना के तहत जिले के लिए 2 करोड़ 82 लाख 3 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इनमें से अब तक 2 करोड़ 28 लाख 40 हजार 20 रुपये प्राप्त हो चुके हैं। शेष राशि जल्द मिलने की उम्मीद है।

शिक्षा विभाग के अनुसार, जैसे ही शेष निधि प्राप्त होगी, उसे संबंधित स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के खातों में तत्काल हस्तांतरित कर दिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने बताया कि शासन के नियमों के अनुसार जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म का लाभ दिया गया है। तालुका स्तर पर समीक्षा में भी यह स्पष्ट हुआ है कि जिले के किसी भी क्षेत्र में कोई विद्यार्थी यूनिफॉर्म से वंचित नहीं है। इसलिए, अपर्याप्त निधि अथवा प्रशासनिक विलंब के कारण वितरण प्रभावित होने जैसी स्थिति चंद्रपुर जिले में नहीं बनी।

हालांकि, स्वीकृत राशि का पूरा भुगतान अभी तक प्राप्त नहीं होने से कुछ स्कूल प्रबंधन समितियों में असंतोष का माहौल है। इसके बावजूद, शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यूनिफॉर्म की गुणवत्ता को लेकर अब तक किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई है।

पीएम श्री विद्यालयों को मिला अधिक अनुदान

सामान्य विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए प्रति विद्यार्थी 240 रुपये, जबकि पीएम श्री (PM SHRI) विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए प्रति विद्यार्थी 300 रुपये की दर से अनुदान दिया गया है। इसके कारण पीएम श्री (PM SHRI) विद्यालयों में विद्यार्थियों को अपेक्षाकृत बेहतर गुणवत्ता की यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई गई है।

स्वीकृत निधि का कुछ हिस्सा प्राप्त होना शेष

चंद्रपुर जिला परिषद शिक्षणाधिकारी विशाल देशमुख ने कहा है कि समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिले की कक्षा 1 से 8 के सभी 94,011 विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म का लाभ दिया गया है। कोई भी विद्यार्थी यूनिफॉर्म से वंचित नहीं है। स्वीकृत निधि का कुछ हिस्सा प्राप्त होना शेष है, जो जल्द उपलब्ध होते ही संबंधित स्कूल प्रबंधन समितियों के खातों में हस्तांतरित कर दिया जाएगा। जिले में यूनिफॉर्म वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह संतोषजनक रही है तथा गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com