ट्रेन (सोर्स: सोशल मीडिया)
Summer Special Trains By Central Railway: गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए सेंट्रल रेलवे ने 1484 समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों का उद्देश्य यात्रियों को अपने घरों या विभिन्न पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करना है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार घोषित विशेष ट्रेनों में 749 आरक्षित और 735 अनारक्षित ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों के संचालन से छुट्टियों के समय होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मध्य रेलवे ने बताया कि इनमें से कुछ सेवाएं पहले से ही आवश्यकता के अनुसार चल रही विशेष ट्रेनों के रूप में संचालित हो रही हैं। इसके अलावा यात्रियों की मांग को देखते हुए कुछ नई विशेष ट्रेनों को भी इस सूची में शामिल किया गया है।
महाराष्ट्र के भीतर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए मुंबई और दौंड से सोलापुर, पुणे से कोल्हापुर, नाशिक रोड से बडनेरा तथा हडपसर से हरंगुल के बीच विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इससे राज्य के विभिन्न शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ें :- गारगई डैम परियोजना पर बीएमसी की स्थायी समिति ने लगाई रोक, प्रस्ताव पुनर्विचार के लिए लौटाया
महाराष्ट्र से अन्य राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी कई विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें मुंबई से बलिया और गोरखपुर के अलावा दौंड से कलाबुरगी तथा सोलापुर से कलाबुरगी और अनाकापल्ले के बीच विशेष ट्रेन सेवाएं शामिल हैं। रेलवे को उम्मीद है कि इन ट्रेनों के संचालन से गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक और आरामदायक हो सकेगी।