

Biodiesel Seized In Buldhana: अन्न एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के राज्य स्तरीय दक्षता दल ने बुलढाना जिले में अवैध बायोडीजल की बिक्री और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 21 लाख 69 हजार रु. का माल जब्त किया है। मेहकर तहसील के एक खुले स्थान तथा सिंदखेडराजा में होटल गावकरी फैमिली रेस्टोरेंट के सामने संचालित किए जा रहे अवैध बायोडीजल पंप पर यह कार्रवाई की गई।
राज्य दक्षता दल, मुंबई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में बायोडीजल सदृश्य पेट्रोलियम द्रव पदार्थ का साठा बरामद किया गया। इसके साथ ही एक मालवाहक ट्रक, अशोक लेलैंड कंपनी का ट्रक, भूमिगत लोहे की टंकी, डिस्पेंसर यूनिट, डीजल का भंडार, पाइप तथा अन्य सामग्री भी जब्त की गई। जब्त किए गए कुल माल की कीमत करीब 21.69 लाख रु. बताई गई है।
नियंत्रक राशन वितरण तथा राज्य स्तरीय दक्षता दल के प्रमुख चंद्रकांत डांगे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान संबंधित स्थानों पर अवैध रूप से बायोडीजल की बिक्री और भंडारण किए जाने की बात सामने आई। जब्त किए गए बायोडीजल सदृश्य पेट्रोलियम द्रव पदार्थ को कहां से लाया गया था, इसकी जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है। इस मामले के मुख्य सूत्रधार और संबंधित आरोपियों के खिलाफ जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्थानीय पुलिस तथा आपूर्ति विभाग द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में राज्य दक्षता दल के उपनियंत्रक राशन वितरण गणेश बेल्लाले, सहायक नियंत्रक राशन वितरण प्रदीप काले, जिला आपूर्ति अधिकारी रूपेश बिजनावर, मुख्य निरीक्षण अधिकारी नागनाथ हंगरे सहित राशन वितरण निरीक्षक और आपूर्ति विभाग के अधिकारी शामिल रहे। राज्य स्तरीय दक्षता दल के प्रमुख चंद्रकांत डांगे ने अवैध ईंधन एवं गैस की तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।