बुलढाणा में सूखे से निपटने की तैयारी, प्रतापराव जाधव ने दिए जल संरक्षण और रोजगार के निर्देश

Buldhana Water Crisis: बुलढाणा में सूखे जैसी स्थिति से निपटने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने जल संरक्षण, पेयजल प्राथमिकता और पशुधन के चारे की व्यवस्था के निर्देश दिए।
buldhana drought water conservation employment prataprao jadhav
प्रतापराव जाधव(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • सूखे जैसी स्थिति को देखते हुए उपलब्ध जलसंग्रह का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के निर्देश।

  • नागरिकों की पेयजल जरूरतें पूरी करने के बाद खरीफ की तुअर फसल को संरक्षित सिंचाई देने की संभावना जांची जाएगी।

  • प्रत्येक तहसील के लिए स्वतंत्र कार्ययोजना बनाकर ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

Buldhana Drought Situation: बुलढाना जिले में सूखे जैसी स्थिति को देखते हुए उपलब्ध जलसंग्रह का सावधानीपूर्वक उपयोग, पेयजल को प्राथमिकता, फसलों के लिए संरक्षित सिंचाई और पशुधन के लिए चारे की व्यवस्था की जाए। साथ ही, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के साथ जल संरक्षण और विकास कार्यों को गति दी जाए।

केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने प्रशासन को निर्देश दिए कि जनभागीदारी से बांधों की गाद निकालकर किसानों को खेती के लिए उपलब्ध कराई जाए तथा नदियों और नालों का गहरीकरण व आवश्यकतानुसार चौड़ाइकरण किया जाए। जिले में पानी की कमी, उपलब्ध जलसंग्रह, कृषि के लिए पानी की जरूरत, ग्रामीण रोजगार और पशुधन के चारे की व्यवस्था की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में वे बोल रहे थे। इस दौरान विधायक संजय गायकवाड, पूर्व विधायक संजय रायमुलकर, जिलाधिकारी डॉ. प्रवीणकुमार देवरे, जि.प. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. चव्हाण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

रोजगार गारंटी के तहत बनेगी तहसील स्तरीय कार्ययोजना

प्रतापराव जाधव ने निर्देश दिए कि संभावित रोजगार संकट को देखते हुए प्रत्येक तहसील के लिए स्वतंत्र कार्ययोजना तैयार की जाए। रोजगार गारंटी योजना के तहत खेतों तक जाने वाले रास्तों, नदी गहराइकरण, खाई खोदने और जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उपविभागीय अधिकारी, तहसीलदार और गट विकास अधिकारी समन्वय से काम करें, ताकि ग्रामीणों को रोजगार मिलने के साथ गांवों में स्थायी उपयोग के विकास कार्य भी पूरे हो सकें।

buldhana drought water conservation employment prataprao jadhav
नासिक में किसानों को मिला प्राकृतिक खेती का पाठ, विठ्ठल-रुक्माई शेतकरी गट की बैठक संपन्न

गाद निकालने और चारे की व्यवस्था पर जोर

जनभागीदारी से बांधों की गाद निकालकर किसानों को खेतों की उर्वरता बढ़ाने के लिए उपलब्ध कराने की योजना बनाई जाए। जलगांव जामोद और संग्रामपुर तहसीलों में सतपुड़ा से आने वाली नदियों में जमा पत्थरों और गाद से पानी के प्रवाह में आने वाली बाधाएं दूर करने तथा नदी-नालों का गहरीकरण करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा, सिंचाई की सुविधा वाले किसानों को चारा फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने और उत्पादित चारे को प्रशासन के माध्यम से समर्थन मूल्य पर खरीदकर पशुपालकों को उपलब्ध कराने की योजना बनाने के निर्देश दिए गए। प्रतापराव जाधव ने सभी विभागों से समन्वय के साथ समय रहते उपाय करने को कहा, ताकि सूखे का असर किसानों, नागरिकों और पशुधन पर कम हो।

buldhana drought water conservation employment prataprao jadhav
महाराष्ट्र में मौसम के दोहरे मिजाज का अलर्ट: मुंबई-पुणे में बढ़ेगी गर्मी और उमस, नागपुर में बारिश की संभावना

पेयजल के बाद फसलों को संरक्षित सिंचाई

बांधों और जल परियोजनाओं में उपलब्ध पानी तथा मृत जलसंग्रह को ध्यान में रखते हुए पेयजल का उचित आरक्षण किया जाए। नागरिकों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के बाद शेष जल से खरीफ की तुअर फसल को संरक्षित सिंचाई देना संभव है या नहीं, इसकी जांच करने के निर्देश भी दिए गए। गांवों में पानी की कमी दूर करने के लिए सार्वजनिक कुओं की सफाई, ऊंचाई वाले स्थानों पर पानी की टंकियों की व्यवस्था और जलजीवन मिशन के तहत खोदे गए कुओं को तत्काल बिजली कनेक्शन देने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

Navbharat Live
navbharatlive.com