भंडारा में बदहाल सड़क को लेकर शिवसेना का चक्का जाम, 24 घंटे का अल्टीमेटम

Road Block Protest: भंडारा में राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर सड़क और गहरे गड्ढों के विरोध में शिवसेना ने नागरिकों के साथ चक्का जाम और रास्ता रोको आंदोलन किया।
bhandara shiv sena road block protest potholes
Chakka Jam (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bhandara Shiv Sena Protest: भंडारा शहर के शीतलमाता मंदिर से खांब तालाब चौक होते हुए शास्त्री चौक तक राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर हालत के विरोध में शिवसेना ने सोमवार को नागरिकों के साथ मिलकर जोरदार रास्ता रोको एवं चक्का जाम आंदोलन किया।

सड़क पर जगहजगह बने गहरे गड्ढों के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं और प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ आंदोलनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। जान जोखिम में डालकर सफर आंदोलनकारियों का आरोप था कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है और नागरिकों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।

भंडारा में सड़क की बदहाली पर शिवसेना का आंदोलन

कई बार शिकायतें और ज्ञापन देने के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन ने स्थायी मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। इस दौरान विधायक नरेंद्र भोंडेकर आंदोलन स्थल पर पहुंचे और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों से जवाबतलब किया। उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों की तत्काल एवं स्थायी मरम्मत करने तथा नागरिकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उग्र जनआंदोलन किया जाएगा

विधायक भोंडेकर ने कहा कि इस मार्ग के सीमेंट कंक्रीट सीसी सड़क निर्माण का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक माह के भीतर इस राष्ट्रीय राजमार्ग को पूर्ण रूप से सीसी सड़क में परिवर्तित कर निर्माण कार्य पूरा किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर गड्ढों की मरम्मत शुरू नहीं हुई या प्रशासन ने फिर से नागरिकों की सुरक्षा की अनदेखी की, तो शिवसेना और शहरवासियों की ओर से इससे भी अधिक व्यापक और उग्र जनआंदोलन किया जाएगा। नागरिकों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जल्द मरम्मत की मांग

शिवसेना ने आंदोलन के माध्यम से स्पष्ट किया कि विकास के नाम पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और भंडारा के नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क उपलब्ध होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com