Bhandara News: साकोली पुलिस ने अवैध रेती उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को घेरने की कोशिश की, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे. तस्करों ने पकड़े जाने के डर से ट्रक में लदी रेती बीच सड़क पर ही खाली कर दी और वाहन लेकर रफूचक्कर हो गए.पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस उपनिरीक्षक प्रशांत देवराव बडुले अपने दल के साथ गश्त पर थे.
साकोली से पिंडकेपार रोड पर उन्हें रेती से लदा एक संदिग्ध ट्रक क्र.एमएच 36एए 3307 दिखाई दिया. पुलिस ने जब ट्रक को रोककर जांच की, तो चालक सौरभ कमलकिशोर सोनकुसरे 22 और उसके क्लीनर ने रेती परिवहन का एक फर्जी परवाना दिखाया.जब पुलिस को उनके दस्तावेजों पर संदेह हुआ, तो ट्रक मालिक ओमप्रकाश उर्फ गोलू इस्तारी धुर्वे 30 के कहने पर चालक और क्लीनर ने दुस्साहस दिखाते हुए ट्रक में भरी लगभग 2 ब्रास रेती सड़क पर ही पलट दी.
इसके बाद आरोपी तेज रफ्तार में ट्रक लेकर मौके से फरार हो गए. सड़क पर फेंकी गई रेती की कीमत लगभग 12,000 रुपये आंकी गई है. पुलिस उपनिरीक्षक प्रशांत बडुले की शिकायत पर साकोली पुलिस ने तीनों आरोपियों मालिक, चालक और क्लीनर के खिलाफ मामला दर्ज किया है.