Bhandara Municipal Council News: साकोली में गर्मी का मौसम शुरू होते ही क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम में बदलाव और बढ़ते तापमान के कारण इनकी संख्या में अचानक वृद्धि देखी जा रही है। हल्की उमस और गर्मी से लोग पहले ही परेशान हैं, वहीं मौसमी बीमारियों ने भी जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, तापमान में वृद्धि और वातावरण में नमी मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाती हैं। इसी कारण इस समय मच्छरजनित बीमारियों जैसे डेंगू और मलेरिया का खतरा भी बढ़ गया है। तहसील के कई क्षेत्रों में गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका और अधिक बढ़ गई है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह खुली नालियां, कचरा और घासफूस जमा होने से मच्छरों के पनपने के लिए उपयुक्त वातावरण तैयार हो रहा है।
खाली प्लॉट में जमा पानी और गंदगी इस समस्या को और गंभीर बना रही है। कई स्थानों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी नियमित रूप से नहीं हो पा रहा है, जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर होती जा रही है।
मच्छरों का प्रकोप इतना बढ़ गया है कि लोगों को घरों के भीतर भी राहत नहीं मिल रही। मच्छरदानी, अगरबत्ती आदि अन्य उपायों के बावजूद मच्छरों से बचाव मुश्किल हो रहा है। दरवाजे और खिड़कियां खुली रखने पर घर में बैठना भी कठिन हो गया है।
बढ़ती समस्या को देखते हुए नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से हर वार्ड में नियमित फॉगिंग कराने और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें, साफसफाई बनाए रखें और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं। सामूहिक प्रयासों से ही इस बढ़ती समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकता है।