

Bhandara Encroachment Free: भंडारा शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौकों में शामिल मुस्लिम लाइब्रेरी चौक इन दिनों अतिक्रमणकारियों के चंगुल से पूरी तरह मुक्त होकर नई पहचान बना रहा है। नगर परिषद प्रशासन की ओर से पिछले कुछ दिनों से हटाए गए अतिक्रमण और किए जारहे नए निर्माणकार्य के बाद इस पूरे क्षेत्र की रूपरेखा बदल गई है और चौक की खूबसूरती खुलकर सामने आई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इस मार्ग से अतिक्रमण को पूरी तरह समाप्त कर सड़कों का सही तरीके से सौंदर्यीकरण कर दिया जाए, तो यह मार्ग बेहद कम समय में शहर के सबसे आकर्षक और सुंदर मार्गों में से एक बन सकता है।
वर्तमान में नगर परिषद की ओर से त्रिमूर्ति चौक से मुस्लिम लाइब्रेरी चौक की ओर आने वाले मार्ग का सीमेंटीकरण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इससे पहले अन्नाभाऊ साठे चौक से त्रिमूर्ति चौक तक सीमेंटीकरण और एक तरफ का नाला निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
अब चौक के दूसरे तरफ नाली निर्माण का कार्य प्रगति पर है। हालांकि, अभी मिस्किन टैंक गार्डन, पोस्ट ऑफिस चौक और संविधान चौक की ओर जाने वाले मार्गों तथा नाली निर्माण का कार्य होना बाकी है।प्रशासनिक मुस्तैदी के चलते नगर परिषद ने इस इलाके का लगभग 80 प्रतिशत अतिक्रमण पूरी तरह हटा दिया है। अतिक्रमण हटते ही यह चौक पहले की तुलना में काफी चौड़ा और भव्य नजर आने लगा है। आवागमन सुगम होने से वाहन चालकों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है। आम जनता का मानना है कि शहर के विकास और व्यवस्थित यातायात के लिए इसी तरह की ठोस कार्रवाई की सख्त आवश्यकता है।
अब सारा दारोमदार नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की इच्छाशक्ति पर टिका हुआ है। यदि नगर परिषद के नुमाइंदे इस क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर दूरदर्शी योजना बनाते हैं, तो यह चौक शहर का गौरव बन सकता है। शहरवासी अब यह देखने का इंतजार कर रहे हैं कि आने वाले दिनों में नगर परिषद प्रशासन इस चौक को नया और आधुनिक रूप देने के लिए क्या कदम उठाता है।