

Youth Participation In Lakhandur Gram Sabha: ग्रामसभाओं मेंस्थानीय युवाओं यानी जेन-जी की बढ़ती सक्रियता इस वर्ष चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव के विकास कार्यों के साथ-साथ ग्राम पंचायतों के आर्थिक व्यवहार और खर्च की गई निधि को लेकर युवा सीधे सवाल उठा रहे हैं। जवाब-तलब के दौरान कई ग्रामसभाओं में तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बनने की जानकारी सामने आई है।
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 243 (ए) तथा ग्राम पंचायत अधिनियम की धारा 7 एवं 8 के तहत ग्राम पंचायत क्षेत्रों में ग्रामसभाओं का आयोजन किया जाता है। ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिवर्ष न्यूनतम चार ग्रामसभाएं आयोजित करने के निर्देश हैं। लाखांदुर पंचायत समिति के अंतर्गत कुल 62 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें 11 गट ग्राम पंचायतें और 51 स्वतंत्र ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
पिछले कई वर्षों से ग्रामसभाओं में पर्याप्त संख्या में ग्रामीण उपस्थित नहीं होने के कारण कई बार ग्रामसभाएं स्थगित करने की नौबत आती रही है। इसके विपरीत इस वर्ष अधिकांश ग्रामसभाओं में युवाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखी गई। इससे ग्रामसभाओं का आयोजन अधिक प्रभावी होने के साथ ही पंचायत के कामकाज पर सीधे सवाल उठने लगे हैं। पंचायत के विकास कार्यों और आर्थिक व्यवहार की पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण इन कर्मचारियों को युवाओं के सवालों का जवाब देने में कठिनाई हुई। इससे कई ग्रामसभाओं में सवाल-जवाब के दौरान तनाव की स्थिति बनने की चर्चा है।
जलगांव जिले की शिवरे ग्राम पंचायत में ग्रामसभा के दौरान सवालों के दबाव के बीच एक पंचायत अधिकारी की हृदयाघात से मृत्यु की घटना के बाद ग्राम पंचायत अधिकारियों के विभिन्न संगठनों ने ग्रामसभाओं में उपस्थित रहने का बहिष्कार किया है। इसके चलते तहसील की कई ग्रामसभाओं में नियमित पंचायत अधिकारी अनुपस्थित रहे। उनकी जगह अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अथवा स्थानीय कर्मचारियों को ग्रामसभा सचिव की जिम्मेदारी दी गई।
ग्रामसभाओं में युवा गांव में किए गए विकास कार्यों, उनकी गुणवत्ता, खर्च की गई निधि तथा ग्राम पंचायत के आर्थिक व्यवहार को लेकर सवाल पूछ रहे है। संबंधित अधिकारियों और पदाधिकारियों से जवाब मांगने के दौरान कई जगह तीखी बहस की स्थिति बन रही है। शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर देशभर में युवाओं की मुखरता का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने की चर्चा है।।