

Garrabagheda Health Camp: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तथास्तु वेलनेस सेंटर की ओर से गर्राबघेड़ा में एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया।
इस जनहितकारी शिविर को स्थानीय ग्रामीणों का बेहद उत्साहजनक प्रतिसाद मिला। शिविर के दौरान लगभग 50 महिला एवं पुरुष ग्रामीणों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस अवसर पर आए चिकित्सा विशेषज्ञों ने ब्लड प्रेशर, शुगर और सामान्य स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जांचें कीं।
जांच के बाद मरीजों को उनकी सेहत की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी गई और जरूरी परामर्श दिए गए। जांच के साथसाथ इस शिविर में आए लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में विस्तार से समझाया गया।
विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन करते हुए बताया कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखकर ही विभिन्न बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि समयसमय पर स्वास्थ्य जांच कराना बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में ही पता चल जाता है और सही समय पर इलाज संभव हो पाता है।
ग्रामीणों ने तथास्तु वेलनेस सेंटर की इस सराहनीय पहल की खूब प्रशंसा की और इच्छा जताई कि भविष्य में भी ऐसे निशुल्क शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए। ग्रामीणों की मांग पर आयोजकों ने भी भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।