Bhandara News: मुस्लिम समाज के पवित्र महीने रमजान का आज समापन हो रहा है और इसी के साथ पूरे जिले भर में ईदउलफितर का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा. एक महीने तक रहे कठिन रोजे, इबादत और आत्मसंयम के बाद ईद का यह त्यौहार खुशियों और आपसी सौहार्द का पैगाम लेकर आया है. रमजान के पाक महीने के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सूर्योदय से सूर्यास्त तक रोजा रखकर खुदा की इबादत की. इस पूरे माह में नमाज, कुरआन शरीफ की तिलावत और जकात व फितरा के माध्यम से गरीबों व जरूरतमंदों की सहायता करने जैसे नेक कार्यों को विशेष महत्व दिया गया.
नजर आया चांद चांद का दीदार होते ही अब ईद की तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं.ईद के मुबारक मौके पर आज सुबह लोग नए वस्त्र पहनकर ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा करेंगे. इस दौरान देश और प्रदेश में अमन, चैन, शांति और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ मांगी जाएगी. नमाज के बाद एकदूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू होगा, जो समाज में प्रेम और भाईचारे की भावना को और मजबूत करेगा.
घरों में विशेष पकवान, विशेषकर मीठी सेवइयां और विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाए जा रहे हैं, जिनका लुत्फ रिश्तेदारों और मित्रों के साथ साझा किया जाएगा. ईदउलफितर का यह पर्व केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि त्याग, दया और इंसानियत का प्रतीक है. यह त्यौहार हमारी गंगाजमुनी तहजीब को सशक्त बनाते हुए समाज में एकता और मानवता का संदेश देता है.