भंडारा: अग्निशमन व्यवस्था ठेकेदार कर्मचारियों के भरोसे,नए फायर स्टेशन का इंतजार
नगर परिषद के अग्निशमन विभाग में कर्मचारियों की कमी, नए फायर स्टेशन का निर्माण, और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी।
Bhandara Municipal Council: भंडारा नगर परिषद का अग्निशमन विभाग अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होने के बावजूद कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रहा है. भीषण गर्मी के इस दौर में शहर की सुरक्षा का पूरा दारोमदार मात्र 18 प्रशिक्षित संविदा कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों पर टिका हुआ है. अग्निशमन विभाग में राज्यस्तर के 4 पदों में से केवल 1 भरा है, जबकि नगर परिषद के 4 स्थायी पदों में से भी सिर्फ 1 पद ही भरा हुआ है.
ऐसे में पूरे विभाग की जिम्मेदारी सीमित संविदा कर्मचारियों पर आ गई है.कई वर्षों के इंतजार के बाद अब लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से पुराने जलशुद्धिकरण केंद्र परिसर में नए फायर स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है. यहां कर्मचारियों के लिए आवास और वाहनों के लिए आधुनिक शेड तैयार किया जाएगा. सीमित संसाधनों के बावजूद विभाग ने पिछले एक वर्ष में सराहनीय कार्य किया है. कुल 80 आग की घटनाओं पर काबू पाया गया, जिनमें 52 शहरी और 28 ग्रामीण क्षेत्र की घटनाएं शामिल हैं. इसके अलावा 70 आपातकालीन स्पेशल कॉल पर भी टीम ने त्वरित कार्रवाई कर नुकसान टाला.
अग्निशमन दल ने केवल आग बुझाने तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि पेड़ गिरने की घटनाएं, बाढ़, पालतू जानवरों का बचाव और अन्य आपात स्थितियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. साथ ही 55 बार सुरक्षा बंदोबस्त ड्यूटी भी निभाई गई. विभाग के पास वर्तमान में 1 रेस्क्यू वाहन, 1 मल्टीपर्पज वाहन, 1 वॉटर मिस्ट वाहन, 2 रैपिड रिस्पॉन्स फायर बाइक और 1 मिनी रेस्क्यू वाहन उपलब्ध हैं, जिससे संकरी गलियों में भी आग पर जल्दी नियंत्रण संभव हो पाया है.
सम्बंधित ख़बरें
Bhandara News: NEET और TET पेपर लीक के खिलाफ मोहाड़ी में पूर्व विधायक चरण वाघमारे के नेतृत्व में मोर्चा
भंडारा में कलाकारों ने लंबित मानदेय और पेंशन की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
पवनी जलापूर्ति योजना के लिए अतिरिक्त निधि की मांग, नगराध्यक्ष ने विधायक परिणय फुके से की मुलाकात
Bhandara News: मोहाड़ी के नेरी पाचगांव में मनरेगा सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, जांच की मांग
फायर ऑडिट और जागरूकता अभियान
शहर के 92 प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट किया जा चुका है, जबकि 31 को नियमों के पालन के लिए नोटिस जारी किए गए हैं. नगर अग्निशमन अधिकारी समीर गणविर के अनुसार, 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जाएगा. इस दौरान मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
