Bhandara District: भंडारा जिला अब डिजिटल खेती की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी डिजिटल कृषि मिशन एग्रीस्टैक योजना के तहत किसानों के लिए फार्मर आईडी किसान पहचान पत्र बनाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है.
जिले में कुल 2,57,651 पात्र किसानों में से अब तक 1,96,783 किसानों ने सफलतापूर्वक पंजीकरण कर लिया है, जो कि 76.38 प्रतिशत है. वहीं, 40,670 निष्क्रिय लाभार्थियों में से 10,709 किसानों ने भी पंजीकरण पूरा किया है. शेष किसानों तक पहुंचने के लिए राजस्व और कृषि विभाग सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. फार्मर आईडी पंजीकरण में लाखांदुर तहसील 79.98 के साथ जिले में पहले स्थान पर है.
इसके बाद साकोली 78.91 और पवनी 76.38 का स्थान है. मोहाडी तहसील में 75 पंजीकरण पूरा हो चुका है. सक्रिय लाभार्थियों के आधार पर जिले की प्रगति 85.76 तक पहुंच गई है. सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त करने के लिए अब यूनिक फार्मर आईडी अनिवार्य कर दी गई है. इस आईडी को किसानों के 7/12 उतारे और आधार कार्ड से जोड़ा गया है, जिससे भविष्य में फसल ऋण, बोनस, फसल बीमा और कर्जमाफी जैसी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचेगा.
इस योजना का मुख्य उद्देश्य कृषि क्षेत्र का डिजिटलीकरण करना है. फार्मर आईडी बनने के बाद किसानों को बारबार दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी. पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और प्राकृतिक आपदाओं में मिलने वाली सहायता सीधे बैंक खाते में जमा होगी. साथ ही, ऑनलाइन फसल खरीदबिक्री और बाजार की जानकारी भी आसानी से उपलब्ध होगी.
डिजिटल से काम में पारदर्शिता बढ़ेगी जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी संगीता माने ने बताया कि डिजिटल कृषि मिशन से पारदर्शिता बढ़ेगी और हर किसान की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी. उन्होंने सभी अपंजीकृत किसानों से जल्द पंजीकरण कराने की अपील की है. किसान विठ्ठलराव पाथोडे ने कहा कि पहले योजनाओं के लिए बारबार कार्यालय जाना पड़ता था, लेकिन अब ऑनलाइन प्रक्रिया से समय और पैसा दोनों की बचत होगी.
किसान गजानन मेहर के अनुसार, फार्मर आईडी बनने से फसल बीमा और पीएम किसान योजना का लाभ आसानी से मिल रहा है और पारदर्शिता भी बढ़ी है.
तहसील अनुसार पंजीकरण स्थिति
तहसील कुल किसान पंजीकृत किसान प्रतिशत
भंडारा 34,798 26,567 76.35
लाखनी 33,882 25,679 75.79
लाखांदुर 40,012 32,000 79.98
मोहाडी 38,161 28,620 75.00
पवनी 43,533 33,250 76.38
साकोली 29,399 23,198 78.91
तुमसर 37,866 27,469 72.54
कुल 2,57,651 1,96,783 76.38