धनेगांव में बाघ के हमले में महिला की मौत, 29 दिनों के भीतर वन्यजीव हमले की चौथी घटना से दहशत
Bhandara News: तुमसर तहसील के धनेगांव में महुआ चुनने गई 52 वर्षीय महिला को बाघ ने मार डाला। भंडारा जिले में पिछले 29 दिनों में वन्यजीव हमले की यह चौथी दुखद घटना है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
Bhandara Tiger Attack: तुमसर तहसील के सिहोरा के पास स्थित धनेगांव परिसर में शुक्रवार, 17 अप्रैल को बाघ के हमले में एक 52 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान धनेगांव निवासी साधना सीताराम उईके के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पिछले 29 दिनों में जिले में वन्यजीव हमले से मौत की यह चौथी घटना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साधना उईके शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे गांव के पास खेत परिसर में महुआ फूल चुनने गई थीं। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के समीप जंगल से सटे इलाके में उनका क्षत-विक्षत शव मिला। शव की स्थिति देखकर प्राथमिक तौर पर बाघ के हमले की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर नरभक्षी बाघ को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए।
सम्बंधित ख़बरें
तुमसर में पारा 42° पार, अप्रैल में मई जैसी गर्मी; डॉ. गोविंद कोडवानी ने खानपान में सावधानी की दी सलाह
भंडारा में लेंडेझरी वन कार्यालय का कामकाज ‘रामभरोसे’, अधिकारी-कर्मचारी नदारद होने से आदिवासी नागरिक परेशान
भंडारा में महावितरण की बड़ी कार्रवाई; साल भर में पकड़ी गई 2.32 करोड़ की बिजली चोरी, 11 लोगों पर केस दर्ज
भंडारा: अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन सख्त, दोषियों को होगी 2 साल की जेल और 1 लाख जुर्माना
29 दिनों में चौथी घटना
भंडारा जिले में बीते एक महीने से बाघ और तेंदुए के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। 19 मार्च से 17 अप्रैल के बीच मानव-वन्यजीव संघर्ष में चार लोगों की जान जा चुकी है।
- 19 मार्च: वसंत मेश्राम की मौत
- 28 मार्च: बाघिन के हमले में घायल माया सोनवाने की मृत्यु
- 15 अप्रैल: साकोली तहसील के विरशी में तेंदुए के हमले में 5 वर्षीय अंशिका मिरी की मौत
- 17 अप्रैल: धनेगांव में साधना उईके की मौत
इसके अलावा 1 अप्रैल को छाया मुंगमोडे बाघिन के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई थीं, जिनका नागपुर में इलाज जारी है।
