भंडारा में रेत माफियाओं पर पुलिस का कहर, 46 लाख से ज्यादा का माल जब्त, 3 थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई
Bhandara News: भंडारा जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ पुलिस ने साकोली, लाखनी और पवनी में बड़ी छापेमारी की। 46.68 लाख रुपये का माल जब्त कर कई तस्करों को हिरासत में लिया गया है।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Bhandara Illegal Sand Mining News: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पिछले 48 घंटों के भीतर पुलिस ने साकोली, लाखनी और पवनी थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाते हुए करीब 46.68 लाख रुपये की संपत्ति और रेत जब्त की है। पुलिस की इस आक्रामक कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
साकोली: ईंट भट्टी के लिए जा रही अवैध रेत पकड़ी
साकोली पुलिस ने सेंदुरवाफा क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान एक बिना नंबर की ट्रॉली और आयसर ट्रैक्टर (MH 36 L 9251) को रोका। जांच में पाया गया कि चालक गोवर्धन तुकाराम चौधरी (35), मोहन दिलीप चांदेवार के निर्देश पर ईंट फैक्ट्री के लिए अवैध रेत ले जा रहा था। पुलिस ने रेत सहित करीब 6.06 लाख रुपये का माल जब्त कर मामला दर्ज किया है।
लाखनी: 30 लाख का 12 चक्का टिप्पर जब्त
सबसे बड़ी कार्रवाई लाखनी पुलिस द्वारा 13 अप्रैल की रात को खुटसावरी क्षेत्र में की गई। यहाँ पुलिस ने भिलेवाड़ा निवासी आशीष श्रीकृष्ण बांडेबुचे (37) और रतिराम बकाराम राखडे (40) को एक विशाल टाटा 12 चक्का टिप्पर (MH 49 BT 5375) के साथ रंगे हाथों पकड़ा। इस वाहन में 9 ब्रास अवैध रेत लदी हुई थी, जिसकी बाजार में कीमत 54 हजार रुपये है। पुलिस ने वाहन और रेत मिलाकर कुल 30.54 लाख रुपये की जब्ती की है।
सम्बंधित ख़बरें
PWD Minister शिवेंद्रसिंहराजे भोसले की समीक्षा बैठक: विकास कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता
Power Cut News: मानसून पूर्व मरम्मत के चलते आज कई इलाकों में बिजली गुल, देखें समय और क्षेत्रों की सूची
Chhatrapati Sambhajinagar Traffic Police: यातायात नियमों की अनदेखी पर पुलिस का प्रहार, एक ही दिन में 761 चालान
रोहणा-इंदूरखा मार्ग पर पुल निर्माण में अनियमितता, मुख्यमंत्री से शिकायत
यह भी पढ़ें:- पुणे एयरपोर्ट से उड़ेंगे 15 नए विमान, तिरुपति, सोलापुर और मंगलुरु के लिए सीधी उड़ान शुरू, जानें नया शेड्यूल
पवनी: श्मशान भूमि के पास ट्रैक्टरों पर छापा
पवनी पुलिस ने 14 अप्रैल की सुबह कुरझा श्मशान भूमि के पास पेट्रोलिंग के दौरान दो ट्रैक्टरों को अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा। चालक शिवम वामण रघुते और तेजस सहादेव कुंभरे को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में मुख्य आरोपी विशाल रामू कुलरकर की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने दो ट्रैक्टर और 2 ब्रास रेत सहित 10.08 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई
भंडारा पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब ये सभी मामले भारतीय न्याय संहिता 2023 की नई धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी है कि नदी घाटों से अवैध उत्खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
